कबीरधाम की सिंचाई योजनाओं के लिए 15.86 करोड़ रुपये स्वीकृत

WhatsApp Channel Join Now

रायपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने कबीरधाम जिले की विभिन्न सिंचाई योजनाओं के कार्यों के लिए 15 करोड़ 86 लाख 8 हजार रुपये स्वीकृत किए हैं। इन कार्यों के पूरा होने से जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होगा।

जल संसाधन विभाग से गुरुवार काे मिली जानकारी अनुसार नरसिंहपुर जलाशय के शीर्ष कार्य एवं नहरों के मरम्मत कार्य के लिए एक करोड़ 71 लाख 47 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस योजना के पूर्ण होने पर 45 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी।

विकासखंड पंडरिया के कामठी जलाशय की नहरों के लाइनिंग कार्य के लिए 4 करोड़ 82 लाख 98 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इससे 112 हेक्टेयर क्षेत्र लाभान्वित होगा। वहीं, मोहपार जलाशय के शीर्ष कार्य, नहरों के जीर्णोद्धार एवं लाइनिंग कार्य के लिए 4 करोड़ 99 लाख 15 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिससे 95 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा सुनिश्चित होगी।

इसी प्रकार विकासखंड सहसपुर लोहारा के दमऊनाला व्यपवर्तन की नहर के लाइनिंग कार्य के लिए 3 करोड़ 76 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस कार्य से 75 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा मिलेगी। वहीं, छिरहा डायवर्सन के गेट उन्नयन, नहर लाइनिंग एवं पक्की संरचनाओं के निर्माण कार्य के लिए एक करोड़ 31 लाख 72 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। योजना के पूरा होने पर 48 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा का लाभ मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story