महतारी वंदन योजना में ई-केवाईसी के बाद 15,546 नाम सूची से कटे,अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित
जगदलपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। बस्तर जिले में महतारी वंदन याेजना के ई-केवाईसी और सत्यापन की प्रक्रिया के बाद योजना के हितग्राहियों की संख्या 1,94,510 से घटकर 1,78,964 रह गई है। यानी अब तक 15,546 नाम योजना के आंकड़े से बाहर हो चुके हैं। हटाए गए नामों में मृत महिलाओं के अलावा पलायन कर चुकीं, अपात्र और ऐसे हितग्राही शामिल हैं, जिनके खाते होल्ड की स्थिति में हैं। हालांकि, 31 अगस्त तक ई-केवाईसी की प्रक्रिया जारी रहने के कारण अंतिम आंकड़ा अभी बदल सकता है।
ई-केवाईसी के दौरान सामने आए आंकड़ों के अनुसार बस्तर जिले में 5,731 मृत महिलाओं, 4,252 पलायन कर चुकी महिलाओं और 1,499 अपात्र महिलाओं के नाम हटाए गए हैं। वहीं 4,064 खाते होल्ड पाए गए हैं। इन सभी को मिलाकर 15,546 हितग्राहियों की संख्या कम हुई है। महतारी वंदन याेजना के हितग्राहियों के लिए ई-केवाईसी अनिवार्य की गई है। योजना में लगातार मिल रही शिकायतों और हितग्राहियों के सत्यापन के उद्देश्य से यह प्रक्रिया शुरू की गई है। इसकी अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित है। इसके बाद सत्यापन पूरा होने पर जिले में योजना से जुड़े हितग्राहियों की वास्तविक संख्या और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

