कोरबा : हसदेव नदी के एनीकट में नहाने के दौरान 15 वर्षीय किशोर बहा, रेस्क्यू अभियान जारी
कोरबा, 3 सितम्बर (हि. स.)। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच नदी-नालों में हादसों का सिलसिला जारी है। गुरुवार सुबह उरगा थाना क्षेत्र के कुदुरमाल स्थित हसदेव नदी के एनीकट में नहाने के दौरान 15 वर्षीय किशोर तेज बहाव में बह गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। नगर सेना के गोताखोरों की टीम किशोर की तलाश में रेस्क्यू अभियान चला रही है।
जानकारी के अनुसार किशोर की पहचान सूरज महंत, पिता सुरेश महंत के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सुबह करीब 7 बजे हसदेव नदी के एनीकट में नहा रहा था। इसी दौरान तेज बहाव की चपेट में आने से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह पानी में बह गया। मौके पर मौजूद लोगों ने घटना की सूचना परिजनों और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नगर सेना के गोताखोरों को बुलाकर तत्काल तलाश अभियान शुरू किया गया। नदी में तेज बहाव और बढ़े जलस्तर के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। आसपास के इलाकों में भी सर्चिंग की जा रही है।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीण भी घटनास्थल पर जुटे हुए हैं।
लगातार बारिश के कारण हसदेव नदी सहित जिले के कई नदी-नाले उफान पर हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी, नालों और तेज बहाव वाले स्थानों से दूर रहने की अपील की है। खासकर बच्चों को ऐसे खतरनाक स्थानों पर जाने से रोकने की सलाह दी गई है। फिलहाल सूरज महंत की तलाश जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

