14वीं इंटर स्कूल जूडो प्रतियोगिता का आयोजन 22 अगस्त को

WhatsApp Channel Join Now
14वीं इंटर स्कूल जूडो प्रतियोगिता का आयोजन 22 अगस्त को


जगदलपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। बस्तर जिला जूडो संघ के तत्वावधान में दो दिवसीय 14वीं इंटर स्कूल जूडो प्रतियोगिता का आयोजन बस्तर जिला मुख्यालय के टाउन हॉल में किया जा रहा है। प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 22 अगस्त को शाम 4 बजे आयोजित होगा।

इस प्रतियोगिता में बस्तर संभाग के बस्तर, कोंडागांव, नारायणपुर, सुकमा, दंतेवाड़ा एवं बीजापुर जिलों के साथ-साथ राजनांदगांव, सर्वदा एवं धमतरी से लगभग 250 खिलाड़ी एवं 30 अधिकारी भाग लेंगे। प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों एवं अधिकारियों के लिए आवास, भोजन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं बस्तर जिला जूडो संघ द्वारा की गई हैं। संघ ने प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली है।

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि योगेंद्र पांडेय, संरक्षक ऑल बस्तर जिला जूडो संघ होंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में हाजी वसीम अहमद, ऑल मुस्लिम वेलफेयर फाउंडेशन; सुशांत पोल, खेल अधिकारी, खेल एवं युवा कल्याण विभाग, जगदलपुर; अमित जैन, डायरेक्टर, संस्कार द गुरुकुल; अभिषेक अवस्थी, डायरेक्टर, सीवी रमन यूनिवर्सिटी, जगदलपुर; राणा घोष, अध्यक्ष, बस्तर जिला फुटबॉल संघ तथा शंकर श्रीवास, अभिकर्ता, एलआईसी उपस्थित रहेंगे।

प्रतियोगिता का समापन समारोह 23 अगस्त को आयोजित किया जाएगा। समापन समारोह में मुख्य अतिथि संजय पांडेय, महापौर, नगर पालिका निगम जगदलपुर तथा संग्राम सिंह राणा, सभापति, राजस्व, नगर पालिका निगम जगदलपुर सहित अन्य अतिथियों की उपस्थिति रहेगी। अतिथियों के करकमलों से विजेता एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरण किया जाएगा तथा इसके साथ ही प्रतियोगिता का समापन होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story