अम्बिकापुर : सरगुजा में पुलिसिंग की बारीकियां सीखेंगे 14 प्रशिक्षु एसआई, दो महीने तक संभालेंगे थानों और चौकियों की कमान

WhatsApp Channel Join Now
अम्बिकापुर : सरगुजा में पुलिसिंग की बारीकियां सीखेंगे 14 प्रशिक्षु एसआई, दो महीने तक संभालेंगे थानों और चौकियों की कमान


अम्बिकापुर : सरगुजा में पुलिसिंग की बारीकियां सीखेंगे 14 प्रशिक्षु एसआई, दो महीने तक संभालेंगे थानों और चौकियों की कमान


अम्बिकापुर, 24 नवंबर (हि.स.)। सरगुजा जिले में पुलिस विभाग ने 14 प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को मैदानी पुलिसिंग का अनुभव देने के उद्देश्य से विभिन्न थानों और चौकियों का स्वतंत्र प्रभार सौंपा है। इस दौरान प्रशिक्षु अधिकारी न केवल थानों की कार्यप्रणाली को करीब से समझेंगे, बल्कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आम जनता की समस्याओं के निराकरण जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का भी व्यावहारिक अनुभव हासिल करेंगे।

डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल (भा.पु.से.) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को 25 नवंबर 2026 से 25 जनवरी 2027 तक दो माह के लिए स्वतंत्र प्रभार दिया गया है। यह व्यवस्था जिला व्यवहारिक प्रशिक्षण के तहत की गई है, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे अधिकारी वास्तविक फील्ड परिस्थितियों में अपने पद की जिम्मेदारियों और चुनौतियों को समझ सकें।

जारी आदेश के तहत अनिल कुमार को चौकी होलीक्रॉस हॉस्पिटल अम्बिकापुर, भीखम लाल साहू को थाना मणीपुर, हर्ष कुमार को थाना बतौली, शिव कुमार ध्रुव को थाना लुण्ड्रा, विवेक चन्द्राकर को चौकी केदमा, डिगेश्वर वर्मा को थाना उदयपुर, महेश कुमार को चौकी केरजू, शशिकांत को चौकी कुन्नी, देव सिंह को थाना धौरपुर, सुषमा मण्डावी को महिला थाना, भारतीय मारकण्डेय को थाना दरिमा, नरित्ता सोरी को थाना अजाक, आशी झा को थाना लखनपुर तथा अनुराग वर्मा को थाना कमलेश्वरपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

प्रभार ग्रहण करने से पहले अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश देवांगन ने सभी प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को ब्रीफिंग देकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्हें आम नागरिकों के साथ संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार रखने, लोगों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने तथा कानून के दायरे में रहते हुए बेहतर पुलिस सेवा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

प्रशिक्षण व्यवस्था के तहत संबंधित थानों और चौकियों में पहले से पदस्थ प्रभारी यथावत बने रहेंगे। वे प्रशिक्षु अधिकारियों को आवश्यक मार्गदर्शन देते हुए नियमानुसार कार्य कराएंगे। साथ ही उनके कामकाज और प्रशिक्षण की प्रगति का नियमित मूल्यांकन भी किया जाएगा। पुलिस विभाग की इस पहल से प्रशिक्षु उप निरीक्षकों को किताबी ज्ञान के साथ जमीनी स्तर पर पुलिसिंग की वास्तविक चुनौतियों को समझने और भविष्य में जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने का अवसर मिलेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782531 Articles

Share this story