प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों की जनसेवा के लिए 140 करोड़ जनता देंगे आशीर्वाद
प्रधानमंत्री मोदी के प्रति प्रेम और आशीर्वाद के दीप से कांग्रेस का दिल जल रहा : अरुण साव
रायपुर 17 सितंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने गुरुवार काे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा है। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 7 अक्टूबर 2001 को शुरू हुई उनकी शासन प्रमुख के रूप में सेवा यात्रा 25 वर्ष पूर्ण होने जा रही है।
श्री साव ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 वर्षों में बिना रुके और बिना थके देशवासियों की सेवा की है। उनके जन्मदिवस पर आज देशभर में सेवा संकल्प अभियान के तहत 'आशीर्वाद का दीया' जलाया जाएगा। छत्तीसगढ़ के गांव-गांव और शहरों में भी लोग अपने प्रिय प्रधानमंत्री को स्नेह और आशीर्वाद देंगे। यह दीया प्रधानमंत्री जी के प्रति जनता के प्रेम, विश्वास और शुभकामनाओं का प्रतीक होगा।
श्री साव ने कहा कि देश के 140 करोड़ नागरिकों का आशीर्वाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ है। लोग उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना करते हुए दीये जलाएंगे। प्रधानमंत्री जी इसी तरह निरंतर देश और जनता की सेवा करते रहें, यही देशवासियों की भावना है। उनका जन्मदिवस सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को मजबूत करने का अवसर है।
उप मुख्यमंत्री श्री साव ने कांग्रेस के बिगड़े बोल पर कहा कि जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दीप जलाकर अपना आशीर्वाद दे रही है। वहीं कांग्रेस और टुकड़े-टुकड़े गैंग के लोगों के दिल जल रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक परिवार की चाकरी करने वाली कांग्रेस को 140 करोड़ देशवासियों का प्रधानमंत्री के प्रति प्रेम और विश्वास पसंद नहीं आ रहा है। जनसेवा और जनकल्याण की राजनीति कांग्रेस की प्राथमिकता नहीं रही है। श्री साव ने कहा कि, आशीर्वाद का प्रत्येक दीप प्रधानमंत्री के प्रति जनता के विश्वास और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प का प्रतीक बनेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

