भंडार-खपरी तालाब किनारे बसे 125 परिवारों ने मांगा जमीन का पट्टा

WhatsApp Channel Join Now
भंडार-खपरी तालाब किनारे बसे 125 परिवारों ने मांगा जमीन का पट्टा


धमतरी, 03 अगस्त (हि.स.)। नगर निगम अंतर्गत टिकरापारा वार्ड क्रमांक-33 में भंडार तालाब और खपरी तालाब के किनारे वर्षों से रह रहे 125 परिवारों ने भूमि पट्टा की मांग को लेकर सोमवार को नगर निगम पहुंचकर महापौर रामू रोहरा को ज्ञापन सौंपा। वार्डवासियों ने सर्वे कर नए पट्टे जारी करने और पुराने पट्टों का नवीनीकरण करने की मांग उठाई।

टिकरापारा वार्ड के पार्षद मदन नेवारे के नेतृत्व में पहुंचे वार्डवासियों ने कहा कि दशकों से निवास करने और नियमित रूप से नगर निगम को मकान कर व जलकर का भुगतान करने के बावजूद उन्हें अब तक भूमि का पट्टा नहीं मिला है। इसके कारण वे शासन की कई महत्वपूर्ण योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। उन्होंने प्रशासन से दोनों क्षेत्रों का सर्वे कर पात्र परिवारों को शीघ्र पट्टा प्रदान करने की मांग की। पार्षद मदन नेवारे ने बताया कि निजी भंडार तालाब के किनारे शासकीय भूमि पर लगभग 20 परिवार पिछले लगभग 50 वर्षों से निवासरत हैं।

वहीं शासकीय खपरी तालाब के किनारे बसे भूमिहीन परिवारों को वर्ष 1984 में 30 वर्ष का पट्टा दिया गया था, जिसकी अवधि वर्ष 2014 में समाप्त हो गई। इसके बाद से पट्टों का नवीनीकरण नहीं होने से परिवारों को आवास सहित अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि दोनों क्षेत्रों में रहने वाले लगभग 125 परिवार वर्षों से इस समस्या का समाधान होने का इंतजार कर रहे हैं। इस दौरान संतोष सिंह, विकास जेकब, इंद्रेश बंजारे, जुबेदा बेगम, इंदु साहू, श्याम सुंदर, शंकर लाल, सूरज सहित वार्डवासी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। इस संबंध में महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम द्वारा पट्टा सर्वे का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। सर्वे पूरा होने के बाद नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को पट्टा प्रदान करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। प्रत्येक पात्र परिवार को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story