जांजगीर-चांपा में प्रवासी मजदूरों की 12 घंटे तक चली पहचान परेड, 300 मजदूरों का हुआ सत्यापन

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में प्रवासी मजदूरों की 12 घंटे तक चली पहचान परेड, 300 मजदूरों का हुआ सत्यापन


जांजगीर-चांपा, 10 अगस्त (हि.स.)। जिले में राष्ट्रीय सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम को लेकर पुलिस ने औद्योगिक क्षेत्रों में रहने वाले प्रवासी मजदूरों के सत्यापन के लिए बड़े स्तर पर विशेष जांच अभियान चलाया। अकलतरा थाना क्षेत्र के बनाहिल स्थित जेएसडब्ल्यू महानदी कंपनी लिमिटेड परिसर में सोमवार अल सुबह 5 बजे से करीब 12 घंटे तक चली कार्रवाई में लगभग 300 प्रवासी मजदूरों से पूछताछ की गई। इस दौरान उनके पहचान संबंधी दस्तावेजों की जांच और भौतिक सत्यापन किया गया।

पुलिस अधीक्षक विजय पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैण्डन यॉर्क के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान औद्योगिक क्षेत्र में रह रहे प्रवासी मजदूरों की पहचान, उनके दस्तावेज और अन्य आवश्यक जानकारी की बारीकी से जांच की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने एक संदेही मजदूर को चिन्हांकित कर उससे पूछताछ भी की। वहीं सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और भविष्य में अपराधों की पहचान एवं रोकथाम में मदद के लिए सैकड़ों मजदूरों के फिंगरप्रिंट भी लिए गए। पुलिस ने मजदूरों से उनकी व्यक्तिगत जानकारी, पहचान और क्षेत्र में उनके रहने से संबंधित आवश्यक जानकारी हासिल की।

पुलिस के अनुसार औद्योगिक क्षेत्रों में बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूरों के आने-जाने को देखते हुए उनकी पहचान और दस्तावेजों का सत्यापन राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ-साथ अपराध नियंत्रण की दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से जांजगीर-चांपा जिले के औद्योगिक एवं अन्य क्षेत्रों में प्रवासी मजदूरों का भौतिक सत्यापन और दस्तावेज जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

अभियान के दौरान अकलतरा अनुविभाग के निरीक्षक जय कुमार साहू, पारस पटेल, धर्मेन्द्र वैष्णव, उप निरीक्षक विनोद जाटवर, प्रशिक्षु उप निरीक्षक सुरेश कुमार, अशोक वर्मा, सहायक उप निरीक्षक रामप्रसाद बघेल सहित अकलतरा, पामगढ़, मुलमुला, बलौदा थाना पुलिस, पुलिस सहायता केंद्र कोटमीसोनार और एसटीएफ जांजगीर के पुलिसकर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story