अम्बिकापुर : तूफान और अंधेरे का फायदा उठाकर बाल संप्रेक्षण गृह की दीवार लांघकर 11 अपचारी बालक फरार

WhatsApp Channel Join Now
अम्बिकापुर : तूफान और अंधेरे का फायदा उठाकर बाल संप्रेक्षण गृह की दीवार लांघकर 11 अपचारी बालक फरार


अम्बिकापुर, 23 जून (हि.स.)। सरगुजा जिला मुख्यालय अम्बिकापुर से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां बाल संप्रेक्षण गृह से एक साथ 11 अपचारी बालक सुरक्षा व्यवस्था को धता बताकर फरार हो गए। यह पूरी घटना मंगलवार देर शाम की है, जब इलाके में तेज बारिश हो रही थी और मौसम खराब होने की वजह से बिजली गुल थी। इसी घने अंधेरे और गड़गड़ाहट का फायदा उठाते हुए बालकों ने अंदर की एक खिड़की को कंक्रीट और लोहे समेत तोड़ डाला।

इसके बाद वे बेहद शातिर तरीके से संप्रेक्षण गृह के पीछे की ऊंची दीवार को फांदकर रफूचक्कर हो गए। हैरान करने वाली बात यह है कि जिस वक्त यह पूरी घटना घटी, उस समय बाल संप्रेक्षण गृह के मुख्य गेट पर दो सुरक्षाकर्मी मुस्तैद थे, लेकिन उन्हें भीतर चल रही इस बड़ी साजिश की भनक तक नहीं लगी।

जब काफी देर बाद प्रबंधन को इस सामूहिक फरारी का अहसास हुआ, तो वहां हड़कंप मच गया। आनन-फानन में इसकी सूचना गांधीनगर थाना पुलिस को दी गई। एक साथ 11 अपचारी बालकों के गायब होने की खबर मिलते ही बाल संप्रेक्षण गृह प्रबंधन और पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। गांधीनगर थाना पुलिस ने तत्काल मामले को गंभीरता से लेते हुए पूरे शहर और संभावित ठिकानों पर नाकेबंदी कर दी है।

पुलिस की अलग-अलग टीमें रात से ही मूसलाधार बारिश के बीच सभी फरार बालकों की तलाश में सघन चेकिंग अभियान चला रही हैं। संप्रेक्षण गृह की सुरक्षा में हुई इस बड़ी चूक ने प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था पर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story