(संशोधित) सुकमा में आवासीय विद्यालय 10वीं की छात्रा हुई गर्भवती, आरोपित पुलिस हिरासत में
सुकमा, 18 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के कोन्टा स्थित बालिका आवासीय विद्यालय की 10वीं कक्षा में अध्ययनरत एक छात्रा के स्वास्थ्य जांच में चिकित्सकों ने गर्भवती हाेने की पुष्टि की, जिसके बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मामले के उजागर होते ही कोन्टा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध दर्ज किया और आरोपित को हिरासत में ले लिया है।
कोन्टा पुलिस से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार आरोपित भी स्थानीय स्तर पर पढ़ने वाला छात्र है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आगे की कार्रवाई कर रही है। इस घटना ने आवासीय विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि प्रशासन की ओर से परामर्श कार्यक्रम चलाने की बात कही जा रही है। लोगों ने मांग की है कि इस मामले में जिम्मेदाराें पर कड़ी कार्रवाई की जाए और आवासीय विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।
सुकमा कलेक्टर अमित कुमार ने बताया कि यह मामला बीते सप्ताह सामने आया था, जिसके बाद तत्काल जांच कराई गई और प्रकरण में अपराध दर्ज कराया गया है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए संस्थानों में परामर्श कार्यक्रम चलाया जा रहा है।
वहीं स्थानीय लोगों और अभिभावकों के बीच यह चिंता बनी हुई है कि क्या केवल परामर्श से ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सकेगी। लोगों ने मांग की है कि इस मामले में जिम्मेदार व्यक्तियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए और आवासीय विद्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

