हिंदी के पर्चे के साथ 10वीं की परीक्षा शुरू, पहले प्रश्न पत्र में 151 छात्र रहे अनुपस्थित

WhatsApp Channel Join Now
हिंदी के पर्चे के साथ 10वीं की परीक्षा शुरू, पहले प्रश्न पत्र में 151 छात्र रहे अनुपस्थित


हिंदी के पर्चे के साथ 10वीं की परीक्षा शुरू, पहले प्रश्न पत्र में 151 छात्र रहे अनुपस्थित


धमतर, 21 फ़रवरी (हि.स.)। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा शनिवार से बोर्ड परीक्षा प्रारंभ हो गई। पहले दिन कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों ने हिंदी का प्रश्न पत्र हल किया। जिले के 85 परीक्षा केंद्रों में परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।

आयोजित परीक्षा में 10,467 विद्यार्थियों का पंजीयन था, जिनमें से 10,315 परीक्षार्थी उपस्थित हुए, जबकि 151 छात्र अनुपस्थित रहे। जिले में सर्वाधिक 28 परीक्षा केंद्र कुरूद विकासखंड में बनाए गए हैं। परीक्षा की सुचारू व्यवस्था के लिए जिला स्तर पर 16 उड़नदस्ता टीम गठित की गई, जिनमें दो-दो अधिकारी तैनात रहे। शिक्षा विभाग की अलग से दो टीमों ने भी निगरानी की। इसके अतिरिक्त विकासखंड स्तर पर चार-चार अधिकारियों की टीम बनाई गई। इस वर्ष रिसगांव और कोसमर्रा स्कूल को नए परीक्षा केंद्र के रूप में शामिल किया गया है। परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित की गई। जिला शिक्षा अधिकारी अभय कुमार जायसवाल ने बताया कि बोर्ड परीक्षा के लिए व्यापक तैयारियां की गई थीं और कक्षा 10वीं की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

परीक्षा हॉल से बाहर निकले अधिकांश विद्यार्थियों ने हिंदी प्रश्न पत्र को सरल बताया। व्याकरण से संबंधित प्रश्नों को हल करने में छात्रों को किसी प्रकार की कठिनाई नहीं हुई। विद्यार्थियों रमेश कुमार साहू, धीरेंद्र साहू और पंकज देवांगन ने बताया कि व्याकरण के प्रश्न अपेक्षाकृत आसान थे और उन्हें उम्मीद है कि परिणाम अच्छे आएंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story