आठ ठेलों के ताले तोड़कर चोरी करने वाले छह नाबालिग आराेपित गिरफ्तार
जगदलपुर, 20 नवंबर (हि.स.)। जिले के थाना काेतवाली क्षेत्र अंतर्गत दलपत सागर स्थित रानी घाट के पास एक ही रात में 08 ठेलों के ताले तोड़कर चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए 06 नाबालिगों को आज शुक्रवार काे गिरफ्तार किया है। वहीं, चोरी किए गए सामान एवं एक माेटरसाइकिल बरामद किया गया है।
काेतवाल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 19 नवंबर की रात अज्ञात चोरों ने दलपत सागर रानी घाट के पास स्थित 08 ठेलों को निशाना बनाया था। चोरों ने ठेलों के ताले तोड़कर वहां रखा सामान चोरी कर लिया था। घटना की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 489/2026 पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए बस्तर पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले।
जांच के दौरान एक बिना नंबर की यामाहा एफजेड मोटरसाइकिल संदिग्ध रूप से दिखाई दी। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मोटरसाइकिल का पीछा करते हुए संदिग्धों की पहचान की और उनके घरों तक पहुंची। पुलिस की जांच में चोरी की घटना में 08 नाबालिगों की संलिप्तता सामने आई। इनमें से 06 नाबालिगों को पुलिस ने पकड़कर गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से ठेलों से चोरी किया गया सामान एवं मोटरसाइकिल बरामद कर लिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

