स्वच्छ जगदलपुर काे गति देने नगर निगम को मिली दो टिप्पर और एक 407 वाहन

WhatsApp Channel Join Now
स्वच्छ जगदलपुर काे गति देने नगर निगम को मिली दो टिप्पर और एक 407 वाहन


जगदलपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने की दिशा में नगर निगम जगदलपुर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने के उद्देश्य से नगर निगम ने दो नए टिप्पर एवं एक 407 कचरा परिवहन वाहन का क्रय किया है। नए खरीदे वाहनों का आज गुरूवार काे पूजन दंतेश्वरी प्रांगण में किया गया।

लंबे समय से कचरा संग्रहण गाड़ियों की कमी के कारण शहर के सभी वार्डों से समय पर कचरा एकत्रित करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। नए वाहनों के शामिल होने से इस समस्या का काफी हद तक समाधान होगा और स्वच्छता व्यवस्था को नई गति मिलेगी।

नगर निगम द्वारा खरीदे गए इन नए वाहनों के माध्यम से शहर के विभिन्न वार्डों से कचरे का परिवहन पहले की अपेक्षा अधिक तेज़ और व्यवस्थित ढंग से किया जाएगा। इससे कचरा संग्रहण की प्रक्रिया में तेजी आएगी, समय की बचत होगी तथा शहर को स्वच्छ एवं साफ-सुथरा बनाए रखने में सहायता मिलेगी। निगम का उद्देश्य प्रत्येक वार्ड में नियमित और प्रभावी कचरा उठाव सुनिश्चित करना है।

नगर निगम अध्यक्ष खेमसिंह देवांगन ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। नए वाहनों के संचालन से कचरा परिवहन व्यवस्था अधिक सुदृढ़ होगी तथा नागरिकों को स्वच्छ, स्वस्थ और बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।

सभापति स्वच्छता विभाग लक्ष्मण झा ने कहा कि नगर निगम का लक्ष्य शहर के प्रत्येक वार्ड में समयबद्ध एवं प्रभावी कचरा संग्रहण व्यवस्था सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि महापौर संजय पांडे के नेतृत्व में नगर निगम स्वच्छता व्यवस्था को लगातार मजबूत कर रहा है और आने वाले समय में शहर को और अधिक स्वच्छ, सुंदर एवं स्वास्थ्यकर बनाने के लिए अनेक जनहितकारी कदम उठाए जाएंगे।

इस दौरान एमआईसी सदस्य निर्मल पानीग्राही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, कलावती कसेर, योगेन्द्र पाण्डे, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज, पार्षद पारूल बोथरा, कुबेर देवांगन, स्वच्छता शाखा प्रभारी विमल पांडे तथा राजपाल कसेर, नवीन बोथरा एवं विवेक जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story