सेल्फ स्टडी से रोहन ने नीट किया क्वालीफाई

WhatsApp Channel Join Now
सेल्फ स्टडी से रोहन ने नीट किया क्वालीफाई


सूरजपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। मेहनत और दृढ़ संकल्प के दम पर सूरजपुर के किसान परिवार के छात्र रोहन विश्वकर्मा ने नीट परीक्षा क्वालीफाई कर सफलता हासिल की है। पीएम श्री सेजेस अंग्रेजी माध्यम विद्यालय नवापारा के पूर्व छात्र रोहन ने बिना किसी बड़ी सुविधा के सेल्फ स्टडी के जरिए राष्ट्रीयस्तर की परीक्षा में सफलता हासिल कर परिवार और स्कूल का नाम रोशन किया है।

ग्राम पंचायत नेवरा निवासी रोहन ने अपनी प्रारंभिक पढ़ाई हिंदी माध्यम से की। इसके बाद कक्षा 11वीं और 12वीं की पढ़ाई पीएम श्री सेजेस विद्यालय नवापारा से पूरी की। किसान परिवार से आने वाले रोहन ने अपनी परिस्थितियों को लक्ष्य के रास्ते में बाधा नहीं बनने दिया और लगातार पढ़ाई पर ध्यान दिया।

रोहन ने बताया कि नियमित पढ़ाई, आत्मविश्वास और मेहनत के साथ उन्होंने नीट की तैयारी की। उनका मानना है कि निरंतर मेहनत और सही दिशा में प्रयास से किसी भी क्षेत्र में सफलता हासिल की जा सकती है। उनकी उपलब्धि अब विद्यालय के दूसरे विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बन रही है।

कलेक्टर ने दी बधाई

कलेक्टर रेना जमील ने बुधवार काे रोहन विश्वकर्मा की सफलता पर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां दूसरे विद्यार्थियों को भी अपने लक्ष्य के लिए मेहनत करने की प्रेरणा देती हैं। उन्होंने रोहन के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगामी परीक्षाओं और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story