सेंदुर नदी छठ घाट पहुंचीं कलेक्टर, तैयारियों का लिया जायजा; सुरक्षा और सुविधाओं के लिए दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
सेंदुर नदी छठ घाट पहुंचीं कलेक्टर, तैयारियों का लिया जायजा; सुरक्षा और सुविधाओं के लिए दिए निर्देश


बलरामपुर, 13 नवंबर (हि.स.)।बलरामपुर जिले में सूर्य उपासना के महापर्व छठ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। शुक्रवार को कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी अधिकारियों के साथ सेंदुर नदी स्थित छठ घाट पहुंचीं और वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने छठ पूजा समिति के सदस्यों से आयोजन और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के संबंध में चर्चा की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने घाट और पूजा स्थलों पर पुलिस बल तथा नगर सैनिकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मुख्य मार्गों पर बैरिकेडिंग, आवागमन के लिए व्यवस्थित मार्ग और पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो। घाटों पर पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।

उन्होंने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य टीम और चिकित्सा सुविधा उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। नदी में सुरक्षा के मद्देनजर गोताखोरों की तैनाती और श्रद्धालुओं की निगरानी के पुख्ता इंतजाम करने को भी कहा। कलेक्टर ने पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय से शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही सुरक्षित और सुगम बनाने के निर्देश दिए।

इस दौरान एसडीएम विवेक चन्द्रा, जनप्रतिनिधि, संबंधित विभागों के अधिकारी और छठ पूजा समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776518 Articles

Share this story