सूरजपुर : कलेक्टर ने निर्माण कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर : कलेक्टर ने निर्माण कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की


सूरजपुर, 02 जून (हि.स.)। कलेक्टर रेना जमील ने जिला पंचायत सभाकक्ष में मंगलवार काे आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में ग्रामीण यांत्रिकी सेवा (आरईएस), आदिवासी विकास विभाग, हाउसिंग बोर्ड, सीएसपीडीसीएल तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की स्थिति पर चर्चा की गई।

कलेक्टर ने निर्माण कार्यों में देरी पर नाराजगी जताते हुए संबंधित एजेंसियों को समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग के निर्माणाधीन भवनों, छात्रावासों, आश्रमों, तहसील कार्यालयों, खेल एवं स्वास्थ्य विभाग के भवनों सहित अन्य परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने पर जोर दिया। प्रतापपुर में निर्माणाधीन मत्स्य संवर्धन कार्य को 15 दिनों के भीतर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।

पंचायत विभाग की समीक्षा में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत स्वीकृत आवासों का निर्माण तेजी से पूरा कराने तथा अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। मनरेगा, सामाजिक अंकेक्षण, ई-केवाईसी और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने महिलाओं को स्व-सहायता समूहों से जोड़ने और लखपति दीदी योजना के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर बल दिया।

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले के 543 ग्रामों में से 522 ग्राम ओडीएफ प्लस मॉडल घोषित किए जा चुके हैं। वहीं 529 ग्रामों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था शुरू हो चुकी है। कलेक्टर ने यूजर चार्ज संग्रहण बढ़ाने तथा कचरा प्रबंधन व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए।

बैठक में व्यक्तिगत और सामुदायिक शौचालय निर्माण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, प्लास्टिक कचरा प्रबंधन तथा स्वच्छता संबंधी अन्य कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और समयबद्ध लाभ वितरण सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story