सूचना का अधिकार पर दो दिवसीय प्रशिक्षण का पहला दिन संपन्न, 12 मास्टर ट्रेनर्स हुए प्रशिक्षित
बलरामपुर, 29 सितंबर (हि.स.)।सूचना का अधिकार अधिनियम 2005 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आज मंगलवार को पहला दिन संपन्न हुआ। राज्य सूचना आयोग के निर्देशानुसार आयोजित प्रशिक्षण में जिले के सभी छह विकासखंडों के 12 ब्लॉक स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को अधिनियम के प्रावधानों और प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
जिला नोडल अधिकारी एवं अपर कलेक्टर आर.एन. पाण्डे की उपस्थिति में आयोजित प्रशिक्षण में राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर एवं सहायक प्राध्यापक गौतम सूर्यवंशी तथा जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स नूरजमा खान, आशीष कुमार पटेल, ज्ञान प्रकाश बरा और सुरेश गुप्ता ने प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण के दौरान अधिनियम की विभिन्न धाराओं, सूचना उपलब्ध कराने की प्रक्रिया, निर्धारित समय-सीमा तथा आवेदनों और अपीलों के विधिसम्मत निराकरण की जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर्स को सूचना के अधिकार से जुड़े मामलों में प्रक्रिया और जिम्मेदारियों को लेकर भी प्रशिक्षित किया गया।
प्रशिक्षण प्राप्त मास्टर ट्रेनर्स अपने-अपने विकासखंडों में शिक्षा, पंचायत, राजस्व सहित विभिन्न विभागों के जन सूचना अधिकारियों और प्रथम अपीलीय अधिकारियों को अधिनियम के प्रावधानों और प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण देंगे। इससे विभागीय स्तर पर सूचना के अधिकार से संबंधित आवेदनों के समयबद्ध और पारदर्शी निराकरण में मदद मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

