रिहायशी क्षेत्र में निकला 10 फीट का अजगर, सर्पमित्र ने किया रेस्क्यू

WhatsApp Channel Join Now
रिहायशी क्षेत्र में निकला 10 फीट का अजगर, सर्पमित्र ने किया रेस्क्यू


धमतरी, 10 मई (हि.स.)। धमतरी शहर के रतन कालोनी में शनिवार रात 10 फीट का अजगर निकला। अजगर देख कालोनीवासी हड़बड़ा गए। तुरंत इसकी सूचना वन विभाग और सर्पमित्र को दी गई। सर्पमित्र घटना स्थल के पास पहुंचे और अजगर का रेस्क्यू किया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

शहर के महिमासागर वार्ड स्थित रतन कालोनी में शनिवार की रात कालोनीवासियों ने अचानक एक 10 फीट के अजगर को विचरण करते हुए देखा, तो वहां के लोगों में हड़कंप मच गया। रिहायशी कालोनी में अजगर निकलने की खबर के बाद यहां लोगों की भीड़ लग गई। कुछ जागरूक लोगों ने कालोनी में अजगर निकलने की खबर वन विभाग में दी। इधर अजगर निकलने की खबर मिलते ही सर्प मित्र सूर्यकांत व वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू कर मशक्कत के बाद अजगर को सुरक्षित पकड़ा गया।

सर्प मित्र ने सावधानीपूर्वक अजगर को पकड़कर सुरक्षित कब्जे में लिया। बताया गया है कि अजगर किसी को नुकसान पहुंचाने की स्थिति में नहीं था, लेकिन रिहायशी क्षेत्र में उसके पहुंचने से अनहोनी की आशंका बनी हुई थी। वन विभाग की टीम ने अजगर को पकड़ने के बाद उसे जंगल में सुरक्षित छोड़ा। इसके बाद ही कालोनीवासियों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि आसपास झाड़ियों और खाली पड़े क्षेत्रों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण अक्सर सांप और अन्य जीव-जंतु रिहायशी इलाकों तक पहुंच जाते हैं। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जहरीले या बड़े सांप के दिखाई देने पर खुद पकड़ने की कोशिश न करें और तुरंत वन विभाग या सर्पमित्रों को इसकी जानकारी दें ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story