बलरामपुर में रबी सीजन के दौरान दलहन-तिलहन की खेती बढ़ाने पर जोर, ऑयल पाम के लक्ष्य पूरे करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर में रबी सीजन के दौरान दलहन-तिलहन की खेती बढ़ाने पर जोर, ऑयल पाम के लक्ष्य पूरे करने के निर्देश


बलरामपुर, 26 अक्टूबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले में रबी फसलों का रकबा बढ़ाने और किसानों को खेती से बेहतर आमदनी दिलाने के लिए कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं। आज सोमवार को आयोजित संयुक्त समीक्षा बैठक में उन्होंने दलहन-तिलहन की खेती को प्रोत्साहित करने के साथ ऑयल पाम की खेती के निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने पर जोर दिया।

बैठक में रबी सीजन की कार्ययोजना, कृषि एवं संबद्ध विभागों की प्रमुख योजनाओं की प्रगति और किसानों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संबंध में चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए खेती में विविधता लाना जरूरी है। उन्होंने धान के अलावा बाजार में मांग वाली व्यावसायिक फसलों की खेती के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए, ताकि उन्हें अपनी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके।

कलेक्टर ने प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम-आशा) के प्रभावी क्रियान्वयन और कृषक उन्नति योजना के तहत अधिक से अधिक किसानों का पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने पात्र किसानों को योजनाओं का लाभ दिलाने पर भी जोर दिया।

ऑयल पाम की खेती को बढ़ावा देने के लिए कलेक्टर ने निर्धारित लक्ष्यों को तय समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ऑयल पाम के खेतों में अंतरवर्तीय फसलों की खेती को प्रोत्साहित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को किसानों को इन फसलों के लाभों की जानकारी देने, योजनाओं की नियमित समीक्षा करने और आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए।

बैठक में उप संचालक कृषि रामचन्द्र भगत, सहायक संचालक उद्यानिकी कमलेश साहू सहित विकासखंड स्तर के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

767305 Articles

Share this story