बलरामपुर : जनदर्शन में दृष्टिबाधित युवक को मिली स्मार्ट केन और मोबाइल

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : जनदर्शन में दृष्टिबाधित युवक को मिली स्मार्ट केन और मोबाइल


बलरामपुर, 30 जून (हि.स.)। आज मंगलवार को आयोजित जनदर्शन में शंकरगढ़ के दृष्टिबाधित युवक वीरेंद्र चीक को तत्काल सहायता प्रदान की गई। कलेक्टर ने उन्हें स्मार्ट केन स्टिक और दृष्टिबाधितों के लिए उपयोगी विशेष मोबाइल उपलब्ध कराया, जिससे वे अपने कई दैनिक कार्य स्वयं कर सकेंगे।

जिले में आयोजित जनदर्शन के दौरान शंकरगढ़ विकासखंड के ग्राम चांगरो निवासी जन्म से दृष्टिबाधित वीरेंद्र चीक अपनी समस्या लेकर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के पास पहुंचे। उन्होंने अपने दैनिक जीवन में आने वाली कठिनाइयों की जानकारी दी।

वीरेंद्र की समस्या को गंभीरता से सुनते हुए कलेक्टर ने बिना विलंब किए उन्हें स्मार्ट केन स्टिक और दृष्टिबाधितों के लिए विशेष रूप से उपयोगी मोबाइल उपलब्ध कराया। साथ ही उन्हें भविष्य में भी हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।

सहायता मिलने के बाद वीरेंद्र ने खुशी जताते हुए कहा कि अब उन्हें छोटे-छोटे कामों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि इस मोबाइल की मदद से वे स्वयं फोन कर सकेंगे, डिजिटल भुगतान कर सकेंगे और अपने कई जरूरी काम आसानी से कर पाएंगे।

कलेक्टर ने इस दौरान वीरेंद्र का हालचाल भी जाना और प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story