बलरामपुर : जनकल्याणकारी योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभ के लिए कलेक्टर पहुंचीं फील्ड

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : जनकल्याणकारी योजनाओं के शत-प्रतिशत लाभ के लिए कलेक्टर पहुंचीं फील्ड


बलरामपुर, 29 जुलाई (हि.स.)।बलरामपुर जिले में सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के तहत चल रहे डोर-टू-डोर सर्वेक्षण कार्य का आज बुधवार को कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने मैदानी स्तर पर निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सर्वे दलों द्वारा घर-घर पहुंचकर हितग्राहियों की जानकारी संकलित करने की प्रक्रिया का अवलोकन किया और सर्वे कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सर्वे पूरी सटीकता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सर्वे दलों से चर्चा कर जानकारी दर्ज करने की प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने प्रत्येक परिवार की जानकारी त्रुटिरहित ढंग से दर्ज करने के निर्देश देते हुए कहा कि यह सर्वे केवल औपचारिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि पात्र हितग्राहियों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। इसलिए प्रत्येक घर तक पहुंचकर पूरी जिम्मेदारी के साथ सर्वे कार्य किया जाए।

सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के तहत जिले में 31 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं के शत-प्रतिशत संतृप्तिकरण का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के माध्यम से सामाजिक सुरक्षा, आवास, रोजगार, खाद्य सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, कृषि, कौशल विकास तथा अन्य बुनियादी नागरिक सेवाओं से जुड़े पात्र हितग्राहियों की पहचान कर उन्हें योजनाओं का लाभ सुनिश्चित किया जाएगा।

कलेक्टर ने कहा कि अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी पात्र परिवार को शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए भटकना न पड़े। प्रशासन स्वयं उनके घर तक पहुंचे, पात्रता का सत्यापन करे और उन्हें आवश्यक योजनाओं से जोड़े। उन्होंने सर्वे कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी परिवारों का सर्वे पूरा करने के निर्देश दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story