धमतरी शहर के प्रवेश द्वार पर नवनिर्मित अटल परिसर का लोकार्पण 25 को

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी शहर के प्रवेश द्वार पर नवनिर्मित अटल परिसर का लोकार्पण 25 को


धमतरी शहर के प्रवेश द्वार पर नवनिर्मित अटल परिसर का लोकार्पण 25 को


धमतरी, 24 दिसंबर (हि.स.)।नगर निगम धमतरी द्वारा शहर के प्रवेश द्वार पर पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की स्मृति में अटल परिसर बनकर तैयार हो गया है। इस परिसर में महाराष्ट्र से बनकर आई अटल की प्रतिमा का अनावरण एवं परिसर का लोकार्पण 25 दिसंबर को उनकी जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय द्वारा वर्चुअली किया जाएगा।

पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के 100 वीं जयंती 25 दिसंबर 2024 के अवसर पर नगर निगम धमतरी के प्रवेश द्वार पर अटल परिसर की नींव रखी गई थी जो उनकी 101 जयंती पर बनकर तैयार हो गई है। गुरुवार को राज्य के 115 नगरीय निकायों में निर्मित अटल परिसरों का एकसाथ लोकार्पण किया जाएगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री अरुण साव राजधानी रायपुर के फुंडहर चौक सहित प्रदेश भर के अटल परिसरों का वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ करेंगे। इसी कड़ी में नगर निगम धमतरी द्वारा शहर के प्रवेश द्वार पर 49 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल परिसर का भी लोकार्पण किया जाएगा।

नगर निगम धमतरी के एमआईसी मेंबर व लोक निर्माण विभाग के प्रभारी सदस्य विजय मोटवानी ने बताया कि 10 महीने में अटल परिसर बना है। छत्तीसगढ़ के निर्माता भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी है। सरकार द्वारा सभी नगरीय निकायों में अटल परिसर का निर्माण कराया गया है। इसके पहले पूर्व पंचायत मंत्री एवं वर्तमान कुरुद विधायक अजय चंद्राकर द्वारा हर गांव में अटल चौक का निर्माण कराया गया था। शहर के प्रवेश द्वार में 49 लाख रुपये की लागत से अटल परिसर का निर्माण कराया गया है।

महाराष्ट्र से बनकर आई नौ फीट ऊंची अटल प्रतिमा

नगर निगम धमतरी द्वारा शहर के प्रवेश द्वार में अटल परिसर का निर्माण कराया गया है। इस परिसर में स्थापति होने वाली अटल की प्रतिमा नौ फीट की ऊंची है जो महाराष्ट्र से बनकर आई है। इस प्रतिमा को बनाने के लिए गन मेटल का उपयोग किया गया है। इस परिसर के चारों ओर स्टेनलेस स्टील की रेलिंग लगाई गई है। परिसर की सुंदरता बढ़ाने धवलपुर और जैसलमेर से मंगाएं पेवर ब्लाक पत्थर लगाया गया है। इसके साथ ही आटोमेटिक सेंसर लाइट लगाया गया है, अंधेरा होते ही परिसर लाइट से जगमगाएगा। इसके साथ ही परिसर में दो बोर्ड लगाए गए है जिसमें एक बोर्ड में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन परिचय एवं दूसरे बोर्ड में उनकी लिखी कविता कदम मिलाकर चलना होगा लगाया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story