जांजगीर-नैला में स्वच्छता व्यवस्था की कलेक्टर ने की जांच, मणिकंचन केंद्र में कचरा प्रबंधन सुधारने के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-नैला में स्वच्छता व्यवस्था की कलेक्टर ने की जांच, मणिकंचन केंद्र में कचरा प्रबंधन सुधारने के दिए निर्देश


जांजगीर-नैला में स्वच्छता व्यवस्था की कलेक्टर ने की जांच, मणिकंचन केंद्र में कचरा प्रबंधन सुधारने के दिए निर्देश


जांजगीर-चांपा, 1 सितंबर (हि. स.)। शहर में स्वच्छता व्यवस्था और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन ने निगरानी तेज कर दी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने मंगलवार को नगर पालिका परिषद जांजगीर-नैला के वार्ड क्रमांक 04 स्थित एसएलआरएम मणिकंचन केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कचरा संग्रहण, गीले एवं सूखे कचरे के पृथक्करण, सेग्रीगेशन और निस्तारण की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गीले और सूखे कचरे का अलग-अलग संग्रहण किया जाए और मणिकंचन केंद्र में पहुंचने वाले कचरे का व्यवस्थित सेग्रीगेशन सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से निकलने वाले कचरे को स्रोत स्तर पर ही अलग-अलग करना वैज्ञानिक अपशिष्ट प्रबंधन की महत्वपूर्ण कड़ी है। इसके लिए नगर पालिका को नागरिकों और व्यापारियों के बीच लगातार जागरूकता अभियान चलाने और उन्हें कचरा पृथक्करण के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर महोबे ने मणिकंचन केंद्र परिसर और उसके आसपास कचरे की डंपिंग पर भी सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र के आसपास किसी भी स्थिति में अनावश्यक रूप से कचरा जमा नहीं होना चाहिए। पहले से एकत्रित कचरे का भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उपचार और उचित निस्तारण किया जाए, ताकि शहर में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखा जा सके।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मणिकंचन केंद्र में कार्यरत स्वच्छता दीदियों की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने स्वच्छता कार्य में लगे कर्मचारियों को ग्लव्स, मास्क और अन्य आवश्यक सुरक्षात्मक सामग्री उपलब्ध कराने तथा उनके नियमित उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता कार्य करने वाले कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

कलेक्टर ने नगर पालिका के अधिकारियों को शहर की स्वच्छता व्यवस्था की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कचरा संग्रहण से लेकर उसके पृथक्करण और वैज्ञानिक तरीके से उपचार एवं निस्तारण तक पूरी व्यवस्था प्रभावी ढंग से संचालित होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से स्वच्छता अभियान के तहत शुरू की गई व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा करने और जहां कमियां सामने आएं, वहां तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

कलेक्टर ने जांजगीर-नैला के नागरिकों और व्यापारियों से भी स्वच्छता अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छ शहर बनाने की जिम्मेदारी केवल नगर पालिका की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की है। घरों और दुकानों से निकलने वाले कचरे को गीले और सूखे रूप में अलग-अलग रखने से कचरे के बेहतर प्रबंधन में मदद मिलेगी और स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story