जांजगीर-चांपा : जनदर्शन में 45 आवेदकों ने रखीं अपनी समस्याएं, कलेक्टर ने त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा : जनदर्शन में 45 आवेदकों ने रखीं अपनी समस्याएं, कलेक्टर ने त्वरित निराकरण के दिए निर्देश


जांजगीर-चांपा, 25 अगस्त (हि. स.)। जिले में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे 45 नागरिकों ने अपनी मांगों, शिकायतों और विभिन्न समस्याओं से संबंधित आवेदन आज मंगलवार को कलेक्टर जन्मेजय महोबे के समक्ष प्रस्तुत किए।

कलेक्टर ने सभी आवेदकों की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना और संबंधित अधिकारियों को आवेदनों का समयबद्ध एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनदर्शन के दौरान कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों से कहा कि, नागरिकों द्वारा प्रस्तुत प्रत्येक आवेदन का गंभीरता से परीक्षण किया जाए और पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों के निराकरण में अनावश्यक देरी नहीं करने के भी निर्देश दिए।

जनदर्शन में तहसील जांजगीर के ग्राम खोखरा निवासी निशा सूर्यवंशी ने नया राशन कार्ड जारी कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। वहीं ग्राम सिवनी (नैला) निवासी सनत कुमार पांडेय ने सीमांकन कराने की मांग को लेकर आवेदन दिया।

तहसील मुख्यालय के कैलाश नगर निवासी भीषम राठौर ने किसान पोर्टल में दर्ज खसरा के नाम में सुधार कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। इसी तरह चांपा निवासी सईद अहमद खान ने पेंशन स्लिप पर्ची में आवश्यक सुधार कराने की मांग को लेकर कलेक्टर के समक्ष आवेदन दिया।

कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर पात्रता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, इसलिए प्राप्त आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए आवेदकों को समय पर राहत उपलब्ध कराई जाए।

जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा गया। जिला प्रशासन ने अधिकारियों को आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story