चुनाव आयोग सरकारी विभाग की तरह काम कर रहा : सुखदेव भगत
रायपुर, 27 सितंबर (हि.स.)। कांग्रेस के नवनियुक्तृ छत्तीसगढ़ प्रभारी सुखदेव भगत ने रविवार काे मुख्य चुनाव आयुक्त पर आराेप लगाते हुए कहा कि ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयोग को सरकारी विभाग बना दिया है। केंद्र सरकार को श्वेत पत्र जारी करना चाहिए।
नियुक्ति के बाद पहली बार छत्तीसगढ़ पहुंचे सुखदेव भगत ने कांग्रेस के प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार से मेरा एक सवाल है, छत्तीसगढ़ में सबले बढ़िया औसत क्यों दिखता है? मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आदिवासी हैं, मगर उनकी आत्मा कॉर्पोरेट घराने की है।
उन्होंने कहा कि 2028 में कांग्रेस का सत्ता हासिल करना ही लक्ष्य नहीं है, हम गांधीवादी विचारधारा के साथ शासन में आना चाहते हैं, इसलिए हमने कहा कि छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया। प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं एक पेड़ मां के नाम, बाकी जंगल अदाणी के नाम। खनिज के लिए छत्तीसगढ़ जाना जाता है, तो क्या उसका विस्थापन कर देंगे? क्या स्थानीय लोगों के विकास के नाम पर विनाश करना चाहते हैं? कांग्रेस पार्टी विकास विरोधी नहीं है।
भगत ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमारा गई है। रेत खनन में कमीशनखोरी चल रही है। जंगल, जमीन हमारी है तो छत्तीसगढ़ के लोगों का विस्थापन क्यों मिल रहा है। राज्य सरकार लोगों की जड़ों को काट कर रही है।
एसआईआर और चुनाव आयुक्तों में मतभेद को लेकर भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर सुखदेव भगत ने कहा कि चोर-चोर मौसेरे भाई वाली बात हो रही है। चुनाव आयोग से प्रश्न राहुल गांधी करते हैं और जवाब भारतीय जनता पार्टी से आता है। लोकतंत्र का चीरहरण हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

