कुल्हाड़ी में चला प्रशासन का बुलडोजर, 26 अवैध अतिक्रमण हटाए गए

WhatsApp Channel Join Now
कुल्हाड़ी में चला प्रशासन का बुलडोजर, 26 अवैध अतिक्रमण हटाए गए


कुरुद के ग्राम कुल्हाड़ी में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

धमतरी, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले में शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन का अभियान लगातार तेज हो रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा के निर्देश पर राजस्व, पंचायत और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को कुरुद विकासखंड के ग्राम कुल्हाड़ी में बड़ी कार्रवाई करते हुए 26 अवैध अतिक्रमणों को हटाया।

यह कार्रवाई लंबे समय से शासकीय भूमि पर किए गए कब्जों के खिलाफ की गई, जिनमें पक्के निर्माण, दीवारें और घेराबंदी शामिल थे। प्रशासन द्वारा पूर्व में अतिक्रमणकारियों को नोटिस देकर समझाइश दी गई थी, जिसके चलते अधिकांश लोगों ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने में सहयोग किया। परिणामस्वरूप पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण और बिना किसी विवाद के संपन्न हुई। जिला प्रशासन का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कर उसे आमजन के उपयोग के लिए सुरक्षित रखना और ग्रामों में सुव्यवस्थित विकास सुनिश्चित करना है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में भी ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कार्रवाई के दौरान तहसीलदार कुरूद सूरज बंछोर, नायब तहसीलदार राम सिन्हा, बिरेंझर चौकी प्रभारी अजय सिंह, ग्राम कुल्हाड़ी की सरपंच सुमित्रा साहू सहित राजस्व, पंचायत एवं पुलिस विभाग का अमला मौजूद रहा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story