कलेक्टर आंगनबाड़ी केंद्र का अचानक किया निरीक्षण, बच्चाें से खाने की ली जानकारी

WhatsApp Channel Join Now
कलेक्टर आंगनबाड़ी केंद्र का अचानक किया निरीक्षण, बच्चाें से खाने की ली जानकारी


बलरामपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। बच्चों के पोषण और आंगनबाड़ी केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लेने कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने आज शनिवार को विकासखंड रामचंद्रपुर के ग्राम चिनिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का अचानक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने बच्चों के बीच पहुंचकर उनसे प्यार से बातचीत की और पूछा कि आज भोजन में क्या खाया।

बच्चों ने भी उत्साह के साथ कलेक्टर से बातचीत की। उन्होंने बच्चों के नाम पूछे और यह भी जाना कि आंगनबाड़ी केंद्र में उन्हें क्या पढ़ाया और सिखाया जाता है। कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से बच्चों की उपस्थिति, उन्हें दिए जा रहे रेडी-टू-ईट भोजन और गर्भवती एवं शिशुवती माताओं को मिलने वाले पोषण आहार की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों के वजन और ऊंचाई की स्थिति भी देखी तथा उनके पोषण स्तर की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि कुपोषित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें जरूरी पोषण और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराने के निर्देश भी दिए।

बच्चों की नियमित उपस्थिति पर जोर

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और पोषण स्तर की लगातार निगरानी करने के साथ केंद्र में बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कहा कि स्वस्थ और सुपोषित बचपन ही बच्चों के बेहतर भविष्य की नींव है। इसलिए आंगनबाड़ी के माध्यम से मिलने वाली सभी जरूरी सेवाओं का लाभ बच्चों और उनके परिवारों तक समय पर पहुंचना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया, अनुविभागीय अधिकारी आनंद राम नेताम, तहसीलदार मनोज पैंकरा सहित संबंधित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story