एक अप्रैल से पूरी तरह डिजिटल होगा चालान भुगतान
मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, 24 मार्च (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में वित्तीय लेन-देन को अधिक पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने के लिए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। अब 1 अप्रैल 2026 से सभी प्रकार के मैनुअल चालान पूरी तरह बंद कर दिए जाएंगे और केवल e-Kosh पोर्टल के माध्यम से जनरेट किए गए e-चालान के जरिए ही बैंक में राशि जमा की जा सकेगी।
कलेक्टर कार्यालय की कोषालय शाखा द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार, e-Kosh पोर्टल के e-चालान मॉड्यूल के माध्यम से OTC (ओवर द काउंटर) चालान जनरेट करना अनिवार्य होगा। शासन का उद्देश्य इस नई व्यवस्था के जरिए वित्तीय प्रक्रियाओं में पारदर्शिता बढ़ाना, डेटा एंट्री की त्रुटियों को कम करना और लेखांकन प्रणाली को अधिक सटीक बनाना है।
अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अब केवल ऑनलाइन जनरेट किए गए चालानों को ही स्वीकार किया जाए और उसी के माध्यम से भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इससे कार्यप्रणाली में तेजी आएगी और सरकारी वित्तीय प्रबंधन और अधिक सुदृढ़ होगा।
यदि किसी कर्मचारी या संबंधित व्यक्ति को ऑनलाइन चालान जनरेट करने में परेशानी होती है, तो वे जिला कोषालय के चालान कक्ष प्रभारी पंकज कुमार तिवारी से संपर्क कर सकते हैं। साथ ही, उपयोगकर्ताओं की सुविधा के लिए विस्तृत यूजर मैनुअल भी उपलब्ध कराया गया है, जिससे प्रक्रिया को आसानी से समझा जा सके।
जिला प्रशासन ने सभी आहरण एवं संवितरण अधिकारियों, बैंक शाखा प्रबंधकों और स्टांप वेंडरों को निर्देशित किया है कि वे नई व्यवस्था का सख्ती से पालन करें। इस डिजिटल पहल से न केवल कार्यप्रणाली में सुधार होगा, बल्कि गड़बड़ियों और भ्रष्टाचार पर भी प्रभावी नियंत्रण लगेगा, जिससे आम नागरिकों को बेहतर और पारदर्शी सेवाएं मिलेंगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

