आवास का निर्माण कार्य तत्काल करें प्रारंभ : आयुक्त

WhatsApp Channel Join Now
आवास का निर्माण कार्य तत्काल करें प्रारंभ : आयुक्त


कोरबा 02 सितंंबर (हि.स.)। आयुक्त आशुतोष पाण्डेय आज मंगलवार काे प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के दर्जनों हितग्राहियों के घरों पर दस्तक दी, जिन हितग्राहियों द्वारा आवासगृहों का निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है तथा कार्य प्रगति पर हैं, उन हितग्राहियों की पीठ थपथपा कर उन्हें शाबासी दी। उन्‍होंने ऐसे हितग्राही जिनके द्वारा आवासगृह के निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किये गये हैं, उन्हें तत्काल निर्माण कार्य प्रारंभ करने को कहा।

आयुक्त ने कहा कि प्लिंथ लेवल निर्माण के बाद ही राशि प्रदान की जायेगी। आयुक्त श्री पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि प्रधानमंत्री आवास योजना फेस -01 के जिन हितग्राहियों द्वारा आवास निर्माण कार्य नहीं किया गया है या कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है, उनसे राशि की वसूली करें, यदि राशि जमा नहीं की जाती तो उनके विरूद्ध राशि गबन की एफ.आई.आर. दर्ज करायें।

उल्लेखनीय है कि, भारत सरकार की जनकल्याणकारी योजना प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में 4405 आवासगृहों की स्वीकृति शासन द्वारा प्रदान की गई है, इसके तहत निगम द्वारा 3937 हितग्राहियों को आवासगृहों की स्वीकृति पत्र व भवन निर्माण अनुज्ञा पत्र प्रदान कर समय सीमा में आवासगृह का निर्माण कार्य प्रारंभ कर कार्यो में अपेक्षित प्रगति लाने को कहा गया है, किन्तु 2623 हितग्राहियों द्वारा अभी तक आवासगृहों का निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं कराया गया है।

आयुक्त श्री पाण्डेय के निर्देश पर निगम के सभी 7 जोन के जोन कमिश्नर व उनकी टीम हितग्राहियों के घर-घर पहुंचकर आवासगृहों के निर्माण की कार्यप्रगति की जानकारी ले रही है तथा जिन हितग्राहियों के द्वारा आवासगृहों का निर्माण कार्य अभी तक प्रारंभ नहीं किया गया है, उन्हें प्रेरित, प्रोत्साहित व समझाईश देकर निर्माण कार्य तुरंत प्रारंभ करने को कहा जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story