सशस्त्र झंडा दिवस पर शौर्य संवाद कार्यक्रम आयोजित
भागलपुर, 7 दिसंबर (हि.स.)। सेना की वीर नारी, विधवाओं और भूतपूर्व सैनिकों के सम्मान में सशस्त्र सेना झंडा दिवस के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण बोर्ड, भागलपुर द्वारा भागलपुर के ऐतिहासिक सैंडीस कंपाउंड में रविवार को जिला प्रशासन के सहयोग से कर्नल संजय कुमार, जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी के नेतृत्व में एक भव्य शौर्य संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ नवल किशोर चौधरी, जिलाधिकारी भागलपुर थे। कार्यकम का शुभारंभ जिलाधिकारी और पूर्व सैनिकों ने दीप प्रज्ज्वलित कर के की। तत्पश्चात, जिलाधिकारी ने तिरंगा झंडा फहराया और 47 बटालियन एन सी सी भागलपुर की गर्ल्स कैडेट्स ने राष्ट्र गान के साथ झंडे को सलामी दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण भागलपुर की सचिव रंजीता कुमारी, ई सी एच एस, भागलपुर के प्रभारी अधिकारी कर्नल जे पी एन झा, स्पर्श प्रकोष्ठ के ए ए ओ रमन सिन्हा ने अपने अपने विभाग द्वारा भूतपूर्व सैनिकों के कल्याण के लिए चलायी जा रही योजनाओं और कार्यकलापों की संक्षिप्त जानकारी दी। इस दौरान कर्नल संजय कुमार ने जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों के पोशाक पर झंडा पिन की।
जिलाधिकारी ने भारतीय सेना के शहीदों की पत्नियाँ यानि वीर नारियों को शॉल भेंट कर उनको सम्मानित किया और राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिजनों के लिए चलाए जा रहे कार्यक्रमों की जानकारी दी। मौके पर ही कुछ नये कल्याणकारी कार्य शुरू करने का भरोसा दिया। कर्नल संजय कुमार, जिला सैनिक कल्याण पदाधिकारी, भागलपुर और अन्य अधिकारियों ने भी सैनिकों की विधवाओं को दुशाला भेंट की इस शौर्य संवाद में 11 वीर नारी, 53 सैनिक विधवाएँ और 95 भूतपूर्व सैनिकों ने हिस्सा लिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

