सर्द शीतलहर को लेकर डीएम ने 11 जनवरी तक वर्ग आठ के संचालन पर लगाई रोक
अररिया, 08 जनवरी( हि.स.) । भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, मौसम विज्ञान केन्द्र,अनिसाबाद, पटना से मिले मौसम पूर्वानुमान संबंधी रिपोर्ट को लेकर डीएम विनोद दूहन ने जिले के सभी निजी और सरकारी विद्यालयों में वर्ग आठ तक के कक्षा संचालन पर 11 जनवरी तक रोक लगा दी है।रिपोर्ट में जिले में अधिक ठंड तथा विशेष रूप से सुबह और शाम के समय कम तापमान की स्थिति होने की जानकारी दी गई है, जिसके कारण पढ़ने वाले छोटे बच्चों एवं छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने से इंकार नहीं किया जा सकता है।
डीएम विनोद दूहन ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा-163 के तहत अररिया जिला के सभी सरकारी एवं निजी विद्यालयों (प्री-स्कूल, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं कोचिंग संस्थान सहित) में वर्ग 8 तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर 11 जनवरी तक प्रतिबंध लगाया गया है। वर्ग-08 के ऊपर की कक्षाओं की शैक्षणिक गतिविधियां पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संचालित करने का आदेश दिया गया है।आंगनबाड़ी केन्द्र को बच्चों को गर्म भोजन देने हेतु मध्याह्न 12 बजे से अपराह्न 2 बजे तक खुले रखने का आदेश दिया गया।आदेश को केवल शैक्षणिक गतिविधियों पर लागू रखा गया है। अन्य प्रशासनिक कार्यों का निष्पादन यथावत करते रहने को कहा गया है। प्री-बोर्ड,बोर्ड परीक्षा हेतु संचालित किये जाने वाले विशेष कक्षाओं का संचालन को मुक्त रखा गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल कुमार ठाकुर

