सड़क को बना दिया था पार्किंग, नगर परिषद का बुलडोजर एक्शन; दर्जनों दोपहिया वाहन जब्त

WhatsApp Channel Join Now
सड़क को बना दिया था पार्किंग, नगर परिषद का बुलडोजर एक्शन; दर्जनों दोपहिया वाहन जब्त


सड़क को बना दिया था पार्किंग, नगर परिषद का बुलडोजर एक्शन; दर्जनों दोपहिया वाहन जब्त


सीवान, 18 जून (हि.स.)। महादेवा ओपी थाना क्षेत्र के महादेवा मुहल्ला में मुख्य सड़क को कथित तौर पर पार्किंग स्थल बनाकर खड़ी की गई दोपहिया गाड़ियों पर गुरुवार को नगर परिषद का डंडा चल गया। लंबे समय से सड़क पर खड़ी वाहनों के कारण आवागमन बाधित होने और दुर्घटना की आशंका को देखते हुए नगर परिषद ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कई गाड़ियों को जब्त कर लिया।

स्थानीय लोगों की शिकायत पर जिलाधिकारी और नगर परिषद प्रशासन के निर्देश पर सिटी मैनेजर बालेश्वर राय तथा अतिक्रमण प्रभारी अक्षत रौशन के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। नगर परिषद की टीम ने सड़क पर कब्जा जमाए खड़ी गाड़ियों को हटाने के साथ-साथ संबंधित एजेंसी और भवन के दस्तावेजों की भी जांच की।

जांच के दौरान अधिकारियों ने पाया कि सार्वजनिक सड़क के एक हिस्से का इस्तेमाल वाहन पार्किंग के रूप में किया जा रहा था। इससे न केवल आम लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही थी, बल्कि अक्सर जाम और हादसों का खतरा भी बना रहता था। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि कई महीनों से सड़क पर दोपहिया वाहनों का जमावड़ा लगा रहता था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

सिटी मैनेजर बालेश्वर राय ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक सड़क पर अतिक्रमण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अतिक्रमण और सड़क पर वाहन खड़ा करने के मामले में जुर्माना जमा कराने को कहा गया था, लेकिन संबंधित कंपनी की ओर से निर्धारित राशि जमा नहीं की गई। इसके बाद नगर परिषद ने जब्ती की कार्रवाई करते हुए गाड़ियों को अपने कब्जे में ले लिया।

नगर परिषद के ट्रैक्टर से जब्त वाहनों को परिषद परिसर पहुंचाया गया। कार्रवाई की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और प्रशासनिक कार्रवाई का समर्थन किया। लोगों का कहना था कि लंबे समय से सड़क पर कब्जे के कारण आम जनता परेशान थी, लेकिन अब प्रशासन ने ठोस कदम उठाया है।

नगर परिषद की कार्यपालक पदाधिकारी नीलम श्वेता ने कहा कि नागरिकों से मिली शिकायतों की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि नगर क्षेत्र में सार्वजनिक सड़क, नाली, फुटपाथ या सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story