शिक्षा मंत्री का इस्तीफा छात्रों और युवाओं के संघर्ष की बड़ी जीत : कांग्रेस

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षा मंत्री का इस्तीफा छात्रों और युवाओं के संघर्ष की बड़ी जीत : कांग्रेस


सहरसा, 25 जुलाई (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में चलाए गए आंदोलन तथा विद्यार्थियों, युवाओं के लगातार संघर्ष के परिणामस्वरूप केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर सहरसा जिला कांग्रेस कमिटी ने हर्ष व्यक्त करते हुए जश्न मनाया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष मुकेश झा ने कहा कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा सत्ता की जवाबदेही तय करने की दिशा में पहला कदम है।

उन्होंने कहा कि जिस मंत्री को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए स्वयं इस्तीफा दे देना चाहिए था, उसे बचाने के लिए केंद्र सरकार ने हरसंभव प्रयास किया। लेकिन लोकतांत्रिक संघर्ष के आगे सरकार को अंततः झुकना पड़ा।

एआईसीसी सदस्य केसर कुमार सिंह ने कहा कि सरकार ने देशभर के छात्रों और युवाओं की आवाज को नजरअंदाज करने का प्रयास किया और हमारे यहां इस्तीफे नहीं होते जैसी अहंकारी सोच दिखाई। लेकिन देश के जेन जी और विपक्ष के संयुक्त संघर्ष ने इस अहंकार को परास्त कर दिया। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई को शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों पर की गई बर्बरतापूर्ण कार्रवाई के लिए जिम्मेदार लोगों पर अब भी कार्रवाई नहीं हुई है।

एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक मनीष कुमार ने कहा कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा स्वागतयोग्य है, लेकिन केवल इससे समस्या का समाधान नहीं होगा।

आंदोलन के दौरान छात्रों पर दर्ज किए गए सभी मुकदमे तत्काल वापस लिए जाएं। साथ ही पेपर लीक से प्रभावित होकर पिछले दो महीनों में जान गंवाने वाले विद्यार्थियों के परिजनों को ₹1 करोड़ का मुआवजा दिया जाए तथा प्रधानमंत्री देश के विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव रंजन यादव ने कहा कि यह भी स्पष्ट है कि केवल शिक्षा मंत्री के हट जाने से पेपर लीक की घटनाएं स्वतः बंद नहीं होंगी।

परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और विश्वास बहाल करने के लिए ठोस नीतिगत सुधार आवश्यक हैं। देश की ध्वस्त होती शिक्षा व्यवस्था को सुधारना और निष्पक्ष परीक्षा प्रणाली सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

इस मौके पर सहरसा जिला युवा कांग्रेस का अध्यक्ष नीरज कुमार निराला, एनएसयूआई अध्यक्ष नीतीश कुमार, इंटक जिला अध्यक्ष सत्यनारायण चौपाल, कहरा प्रखंड अध्यक्ष पंकज सिंह, सत्तरकटैया प्रखंड अध्यक्ष महेश यादव, मोहम्मद नईमुद्दीन, मृत्युंजय सिंह, अविनाश यादव, भरत झा, आलोक ठाकुर, सत्यनारायण चौपाल आदि थे।

हिन्दुस्थान समाचार / अजय कुमार

Share this story