विक्रमशिला सेतु पर 28 अगस्त से नहीं थमेगा पहिया, आवागमन बंद होने की तिथि 15 दिन टलने के आसार

WhatsApp Channel Join Now
विक्रमशिला सेतु पर 28 अगस्त से नहीं थमेगा पहिया, आवागमन बंद होने की तिथि 15 दिन टलने के आसार


भागलपुर, 18 अगस्त (हि.स.)।

विक्रमशिला सेतु पर होने वाले स्थायी निर्माण कार्य और वाहनों के परिचालन को बंद करने की प्रस्तावित तारीख में बदलाव की बड़ी संभावना बन रही है।

जिला प्रशासन और मुख्यालय के अधिकारियों के बीच हुई एक उच्च स्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सेतु पर आवागमन बंद करने की तिथि को करीब 15 दिन आगे बढ़ाने पर गंभीर चर्चा हुई है।

हालांकि, इस मामले पर अभी अंतिम आधिकारिक निर्णय लिया जाना बाकी है। उल्लेखनीय है कि बीते तीन मई की रात को विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा टूटकर गिर गया था, जिसके बाद से ही पुल पर भारी वाहनों का परिचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया था।

दोनों ओर के संपर्क और आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए आनन-फानन में बेली ब्रिज का निर्माण कराया गया था। वर्तमान में इसी अस्थाई बेली ब्रिज के माध्यम से वाहनों की आवाजाही जारी है।

पुल के स्थायी जीर्णोद्धार और तकनीकी कार्यों को पूरा करने के लिए पहले 28 अगस्त की रात से वाहनों का परिचालन पूरी तरह ठप करने की योजना बनाई जा रही थी। इसी मुद्दे पर समीक्षा के लिए जिला प्रशासन और मुख्यालय के वरीय अधिकारियों के बीच बैठक हुई।

बैठक में आम लोगों की सहूलियत को देखते हुए इस प्रस्तावित तिथि को दो सप्ताह आगे खिसकाने पर सहमति बनती दिख रही है।

यदि परिचालन बंद होने की तिथि आगे बढ़ती है, तो भागलपुर और नवगछिया के बीच रोजाना सफर करने वाले हजारों दैनिक यात्रियों और स्थानीय लोगों को फिलहाल जाम और वैकल्पिक रास्तों की परेशानी से बड़ी राहत मिल जाएगी। हालांकि, इस संबंध में अंतिम और औपचारिक फैसला संबंधित विभाग और मुख्यालय स्तर से हरी झंडी मिलने के बाद ही जारी किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story