विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए संगठन की मजबूती और जनसंवाद जरूरी : संजय सरावगी

WhatsApp Channel Join Now
विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए संगठन की मजबूती और जनसंवाद जरूरी : संजय सरावगी


विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए संगठन की मजबूती और जनसंवाद जरूरी : संजय सरावगी


विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए संगठन की मजबूती और जनसंवाद जरूरी : संजय सरावगी


विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए संगठन की मजबूती और जनसंवाद जरूरी : संजय सरावगी


पटना, 29 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी, बिहार प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार में रविवार सेवा दूत अभियान के तहत पटना, मुंगेर, बेगूसराय एवं नालंदा क्षेत्र की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्घाटन बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर प्रदेश संगठन महामंत्री भीखू भाई दालसानिया, मंत्री रामकृपाल यादव, विधानसभा में सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक एवं विधायक संजीव चौरसिया, विधायक संजय गुप्ता सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला स्तर के प्रमुख कार्यकर्ता और सेवा दूत अभियान से जुड़े साथी उपस्थित रहे। मंच संचालन प्रदेश महासचिव प्रीति शेखर ने किया।

कार्यशाला को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा कि सेवा दूत अभियान का उद्देश्य भाजपा के कार्यों और सेवा गतिविधियों को लेकर जनता के बीच जाना तथा लोगों से सीधा संवाद स्थापित करना है। पार्टी के जिला अध्यक्षों से लेकर प्रदेश और जिला स्तर के सभी महत्वपूर्ण कार्यकर्ता इस अभियान के माध्यम से जनता के बीच पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने सेवा और समर्पण के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों के बीच जो कार्य किए हैं, कार्यकर्ताओं को उनका सेवा दूत बनकर जन-जन तक पहुंचाना है।

संजय सरावगी ने कहा कि देश बदल रहा है, राज्य बदल रहा है और विकास की नई संभावनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे समय में जनता के साथ सीधा संवाद और संपर्क बेहद महत्वपूर्ण है। केवल कार्यक्रम आयोजित करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि जनता के बीच जाकर उनकी बात सुनना, उनकी अपेक्षाओं को समझना और सरकार तथा संगठन के कार्यों की जानकारी देना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के महत्वपूर्ण साथी सेवा दूत के रूप में जनता के बीच लगातार संपर्क अभियान चलाएंगे।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरा देश विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। यह संकल्प तभी पूरा होगा, जब संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी समझते हुए पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ कार्य करेगा। भाजपा की संगठनात्मक शक्ति उसके कार्यकर्ता हैं और जनता के साथ उनका निरंतर संपर्क ही संगठन को मजबूत बनाता है।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे सेवा दूत अभियान को केवल संगठनात्मक कार्यक्रम तक सीमित न रखें, बल्कि इसे जनता के साथ आत्मीय संबंध स्थापित करने का माध्यम बनाएं। समाज के हर वर्ग तक पहुंचकर केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और सेवा गतिविधियों की जानकारी दें। साथ ही आम लोगों के सुझावों और समस्याओं को भी गंभीरता से सुनें।

कार्यशाला में अभियान की कार्ययोजना, कार्यकर्ताओं की भूमिका और निर्धारित अवधि में जनसंपर्क के लक्ष्य को लेकर चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अभियान को पूरी सक्रियता के साथ सफल बनाने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / सुरभित दत्त

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785226 Articles

Share this story