वाहन चेकिंग में खुला मवेशी चोरी का खेल, तीन मवेशी बरामद
सीवान, 26 मई (हि.स.)। सीवान जिले के हुसैनगंज थाना पुलिस ने चोरी के मवेशियों से लदे एक पिकअप वाहन को जब्त करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वाहन से तीन मवेशी बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब दो बजे हुसैनगंज थाना को गुप्त सूचना मिली कि चैनपुर की ओर से एक पिकअप वाहन पर चोरी के मवेशी लादकर सीवान की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गोपालपुर बाजार के समीप मुख्य सड़क पर वाहन जांच शुरू की।
वाहन जांच के दौरान एक संदिग्ध पिकअप चालक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पिकअप से तीन मवेशी बरामद किए गए।
पूछताछ में गिरफ्तार चालक की पहचान रिकू नट, पिता छोटक नट, निवासी पचलखी थाना नौतन जिला सीवान के रूप में हुई। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि मवेशी चैनपुर क्षेत्र से लोड किए गए थे। पुलिस द्वारा मवेशियों से संबंधित कागजात मांगने पर वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका।
इस मामले में हुसैनगंज थाना में बीएनएस की धारा 317(4), 317(5), 3(5) एवं पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(i)(ए)(बी)(सी)(डी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई में थानाध्यक्ष मोहन प्रसाद सिंह सहित हुसैनगंज थाना के अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

