रघुनाथपुर में किसानों की समस्या के समाधान का एसडीएम ने दिया भरोसा
सुपौल, 25 अक्टूबर (हि.स.)। बसंतपुर प्रखंड के रघुनाथपुर गांव में सिंचाई के लिए बिजली की समस्या से जूझ रहे किसानों की परेशानी सुनने रविवार को वीरपुर एसडीएम विनय कुमार विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर बिजली आपूर्ति से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली और जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। एसडीएम ने किसानों को आश्वासन दिया कि अगले दो से तीन दिनों में बिजली की समस्या दूर करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाएगी।
दरअसल, रघुनाथपुर गांव में बड़ी संख्या में किसान सब्जी की खेती कर अपनी आजीविका चलाते हैं। सब्जी की फसलों के लिए नियमित सिंचाई बेहद जरूरी है, लेकिन बिजली की बदहाल व्यवस्था के कारण किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। किसानों के अनुसार वर्ष 2020 में कृषि कार्य के लिए उनके खेतों तक बिजली पहुंचाई गई थी। शुरुआत में कुछ समय तक बिजली आपूर्ति सुचारु रही, लेकिन नियमित रखरखाव के अभाव में बिजली के तार धीरे-धीरे जर्जर होकर खराब हो गए।
किसानों ने बताया कि बिजली व्यवस्था खराब होने के कारण पिछले कई वर्षों से उन्हें खेतों की सिंचाई के लिए काफी दूर से बिजली की व्यवस्था करनी पड़ रही है। वहीं, दूर स्थित कम क्षमता वाले ट्रांसफार्मर के कारण पर्याप्त बिजली नहीं मिल पाती है। इससे सिंचाई के दौरान बार-बार परेशानी होती है और समय पर खेतों में पानी पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। बिजली संकट का सीधा असर सब्जी की खेती पर पड़ रहा है। किसानों को चिंता सता रही है कि समय पर सिंचाई नहीं होने से उनकी फसल प्रभावित हो सकती है।
किसानों का कहना है कि कृषि कार्य के लिए बिजली की समुचित व्यवस्था होने से सिंचाई की समस्या काफी हद तक दूर हो सकती है। किसानों की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम विनय कुमार ने गांव पहुंचकर बिजली आपूर्ति की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने किसानों से उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ समाधान को लेकर चर्चा की।
एसडीएम ने भरोसा दिलाया कि अगले दो से तीन दिनों के भीतर बिजली व्यवस्था में सुधार की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान एसडीएम के साथ बसंतपुर बीडीओ सुजीत कुमार मिश्रा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी अमित कुमार और सहायक विद्युत अभियंता संजीव कुमार भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं की जानकारी प्राप्त की और बिजली आपूर्ति से जुड़ी परेशानियों के समाधान का आश्वासन दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

