मोटर कनेक्शन से जलापूर्ति प्रभावित होने की शिकायत

WhatsApp Channel Join Now

दरभंगा, 08 सितंबर (हि.स.)। दरभंगा जिला अंतर्गत मनीगाछी प्रखंड की माऊबेहट पंचायत में हर घर नल का जल योजना के तहत जलापूर्ति प्रभावित होने की शिकायत सामने आई है। ग्रामीणों के अनुसार, भैरव स्थान से उचका घड़ाडी तक मुख्य सप्लाई पाइपलाइन में करीब दर्जनभर स्थानों पर मोटर लगाकर पानी खींचे जाने से आगे के उपभोक्ताओं को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है।

वार्ड संख्या-12 के कुछ उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया है कि रंजीत झा, संजय झा, धनेस झा, बच्चा बाबू झा, अरुण झा आदि के यहां सप्लाई पाइपलाइन से मोटर के जरिए पानी खींचे जाने की स्थिति है। ग्रामीणों का कहना है कि मोटर चलने के दौरान आसपास के कई घरों में नल से पानी नहीं पहुंच पाता। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

वानर्ड 12 के उपभोक्ताओं ने बताया कि समस्या को लेकर वार्ड सदस्य धनेस मुखिया से शिकायत की गई, लेकिन उनका कहना है कि अब तक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, उन्हें लिखित शिकायत एवं ग्रामीणों के हस्ताक्षर के साथ आवेदन देने को कहा गया।

ग्रामीणों का कहना है कि मामले को लेकर बीडीओ स्तर से भी निर्देश दिए गए हैं, बावजूद इसके जलापूर्ति की समस्या बनी हुई है। उनका दावा है कि मुख्य सप्लाई लाइन से अनधिकृत रूप से पानी खींचने की व्यवस्था हटने पर सभी उपभोक्ताओं तक पानी की आपूर्ति बेहतर हो सकती है।

ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से स्थल जांच कर मुख्य सप्लाई पाइपलाइन से मोटर के जरिए पानी खींचे जाने की शिकायत की जांच कराने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Share this story