मैरवा स्टेशन पर 25 लीटर से अधिक शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
मैरवा स्टेशन पर 25 लीटर से अधिक शराब के साथ तस्कर गिरफ्तार


सीवान, 10 जुलाई (हि.स.)। मैरवा रेलवे स्टेशन पर जीआरपी, आरपीएफ पोस्ट सीवान और सीपीडीएस टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक शराब तस्कर को 25.140 लीटर विदेशी व देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

बरामद शराब की अनुमानित कीमत 8,765 रुपये बताई गई है। आरोपी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रेल पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरपुर एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर जीआरपी प्रभारी निरीक्षक विकास कुमार आजाद तथा आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र यादव के पर्यवेक्षण में संयुक्त टीम मैरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या-2 पर अपराधियों की निगरानी कर रही थी। इसी दौरान गाड़ी संख्या 55102 मऊ–छपरा पैसेंजर के पहुंचने पर फुट ओवरब्रिज के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान युवक के पीठ और हाथ में मौजूद दो पिठ्ठू बैग से 200 एमएल का 105 पाउच देसी शराब, 180 एमएल का 8 बोतल व्हिस्की तथा 180 एमएल का 15 बोतल ऑफिसर्स चॉइस ओरिजिनल व्हिस्की बरामद हुई। जब्त शराब की कुल मात्रा 25.140 लीटर पाई गई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मो. असलम (20 वर्ष), के रूप में हुई है जो सीवान नगर के सराय थाने के तुरहा टोली निवासी मो. अकबर का पुत्र है।

इस संबंध में जीआरपी सीवान थाना में कांड संख्या 120/26 दर्ज करते हुए आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद (संशोधित) अधिनियम की धारा 30(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर शराब की खेप के स्रोत और गंतव्य का पता लगाने में जुटी है।

हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

Share this story