मालदा मंडल में स्वच्छता जागरूकता अभियान
भागलपुर, 29 अप्रैल (हि.स.)। मालदा मंडल में चल रहे माहव्यापी स्वच्छता जागरूकता अभियान के अंतर्गत विभिन्न स्टेशनों एवं ट्रेनों में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान एवं जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। यह अभियान मंडल रेल प्रबंधक मालदा मनीष कुमार गुप्ता के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ डीएमई इएनएचएम मालदा प्रदीप दास के पर्यवेक्षण में संचालित हो रहा है।
बुधवार को ट्रेन संख्या 53030 भागलपुर–अजीमगंज पैसेंजर में साहिबगंज स्टेशन पर तथा ट्रेन संख्या 53408 जमालपुर–रामपुरहाट पैसेंजर में जमालपुर स्टेशन पर स्वच्छता संबंधी जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनका उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था। अभियान के दौरान यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने एवं ट्रेनों तथा रेलवे परिसरों में कचरा न फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रसारित करने के लिए पैम्फलेट्स का भी वितरण किया गया। विशेष रूप से डस्टबिन के उचित उपयोग पर जोर दिया गया तथा रेलवे ट्रैक पर कचरा फेंकने से बचने के लिए जागरूक किया गया, जिससे न केवल स्वच्छता बनी रहती है, बल्कि परिचालन एवं सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से भी बचाव होता है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम प्रतिदिन भागलपुर, जमालपुर, साहिबगंज, मालदा टाउन रेलवे स्टेशन तथा मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों एवं स्थानों पर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे आम जनता में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके और उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

