मारवाड़ी युवा मंच के तत्वावधान में ‘वॉकथॉन 2.0’ आयोजित, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

WhatsApp Channel Join Now
मारवाड़ी युवा मंच के तत्वावधान में ‘वॉकथॉन 2.0’ आयोजित, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश


भागलपुर, 30 अगस्त (हि.स.)। अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच (भागलपुर शाखा) के तत्वावधान में रविवार को शहर में 'वॉकथॉन 2.0' का सफल आयोजन किया गया।

वॉक टूगेदर, थ्राइव टूगेदर (साथ चलें, साथ बढ़ें) के मूल मंत्र के साथ आयोजित इस पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य शहरवासियों को फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना था। पदयात्रा की शुरुआत कोतवाली चौक के समीप स्थित ऐतिहासिक कुपेश्वरनाथ मंदिर से हुई। इसमें बड़ी संख्या में युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में पर्यावरण और स्वास्थ्य जागरूकता के नारे लिखी तख्तियां थामे युवा शहर के प्रमुख बाजारों से होते हुए गुजरे। पूरी यात्रा के दौरान लोगों को दैनिक जीवन में फिटनेस अपनाने और प्रकृति को बचाने के लिए प्रेरित किया गया। यह पदयात्रा शहर के मुख्य मार्गों का भ्रमण करते हुए घंटाघर चौक पर जाकर संपन्न हुई।

समापन स्थल पर युवाओं ने पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर को यादगार और सार्थक बनाने के लिए मंच के सदस्यों द्वारा घंटाघर चौक के आसपास पौधारोपण भी किया गया और लोगों से पौधों की देखभाल करने की अपील की गई।

कार्यक्रम को सफल बनाने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मंच के पदाधिकारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।

इस मौके पर वार्ड 38 के पार्षद सह पूर्व अध्यक्ष अश्विनी जोशी 'मोंटी', शाखा अध्यक्ष अंकित कुमार बाजोरिया, सचिव अभिषेक कुमार बुबना और कोषाध्यक्ष ओम गोयंका मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

इसके अलावा उपाध्यक्ष अभिषेक सफर, सह-सचिव संदीप सराफ, सह-सचिव प्रशांत टेकरीवाल, सह-कोषाध्यक्ष मुकेश भाटोलिया और मंच संरक्षक अरुण बाजोरिया सहित मारवाड़ी युवा मंच के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में शामिल होकर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story