मानसरोवर झील पर्यटकों के लिए खुली, करीब दो करोड़ की लागत से विकसित हुआ पर्यटन स्थल
सुपौल, 18 नवंबर (हि.स.)। जिले के इंडो-नेपाल सीमा से सटे वीरपुर को पर्यटन के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। वर्षों से उद्घाटन की प्रतीक्षा कर रही मानसरोवर झील को बुधवार को आम लोगों और पर्यटकों के लिए खोल दिया गया। बिहार सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ. रामचंद्र प्रसाद ने इसका उद्घाटन किया।
उद्घाटन समारोह में पूर्व मंत्री सह स्थानीय विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू, त्रिवेणीगंज विधायक सोनम रानी सरदार, पिपरा विधायक रामविलास कामत, जिलाधिकारी सावन कुमार, पुलिस अधीक्षक शरथ आरएस, जिला वन पदाधिकारी आतिश कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी विनय कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
करीब दो करोड़ रुपये की लागत से मानसरोवर झील को आधुनिक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया गया है। यहां पर्यटकों के लिए बोटिंग और बोटिंग घाट, जापानी गार्डन, कैफेटेरिया, मेडिसिनल गार्डन, बटरफ्लाई गार्डन, पार्टी लॉन एवं लेक आइलैंड, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और लिली पॉन्ड जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
प्राकृतिक वातावरण के बीच पर्यटक झील की सैर के साथ मनोरंजन और सुकून के पल बिता सकेंगे। विभागीय जानकारी के अनुसार मानसरोवर झील के पुनरुद्धार और सौंदर्यीकरण की योजना वर्ष 2020 में तत्कालीन वन एवं पर्यावरण मंत्री तथा छातापुर के वर्तमान विधायक नीरज कुमार सिंह बबलू की पहल पर शुरू हुई थी। इसके लिए करीब 10 करोड़ रुपये की अग्रिम राशि उपलब्ध कराई गई थी, जबकि बाउंड्री निर्माण के लिए 1.20 करोड़ रुपये अतिरिक्त आवंटित किए गए थे। राशि की कमी के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हुआ और करीब 80 प्रतिशत काम पूरा होने के बाद रुक गया था। बाद में शेष राशि उपलब्ध कराकर निर्माण कार्य पूरा कराया गया।
मानसरोवर झील के पर्यटन स्थल के रूप में विकसित होने से सुपौल के अलावा अररिया, सहरसा और पड़ोसी देश नेपाल से भी पर्यटकों के पहुंचने की उम्मीद है। इससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होने के साथ होटल, रेस्तरां, दुकानदारों और वाहन चालकों के कारोबार को भी लाभ मिलने की संभावना है। जिला प्रशासन की ओर से पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर भी विशेष ध्यान देने की बात कही गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

