मरौना की सिसौनी पंचायत में नवनिर्मित आंगनवाड़ी केंद्र का उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
मरौना की सिसौनी पंचायत में नवनिर्मित आंगनवाड़ी केंद्र का उद्घाटन


सुपौल, 25 जुलाई (हि.स.)। जिले के मरौना प्रखंड अंतर्गत सिसौनी पंचायत के वार्ड संख्या-6 में शनिवार को नवनिर्मित आंगनवाड़ी केंद्र का उद्घाटन किया गया।

प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) रचना भारतीय, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) आरती कुमारी, बीपीआरओ कुमार गौरव, जनता दल (यूनाइटेड) के प्रखंड अध्यक्ष अमर देव कामत तथा उप प्रमुख उमर अली ने संयुक्त रूप से फीता काटकर केंद्र का शुभारंभ किया।

उद्घाटन के अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के सर्वांगीण विकास, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण, टीकाकरण और प्रारंभिक शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

उन्होंने सेविका एवं सहायिका को केंद्र का नियमित संचालन सुनिश्चित करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाने का निर्देश दिया।

बीडीओ रचना भारतीय ने कहा कि बच्चों के बेहतर भविष्य के निर्माण में आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वहीं, सीडीपीओ आरती कुमारी ने लोगों से पोषण, स्वच्छता और समय पर टीकाकरण के प्रति जागरूक रहने की अपील की।

कार्यक्रम में पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय ग्रामीण, महिला समूह की सदस्य, आंगनवाड़ी सेविका-सहायिका सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों ने नए केंद्र के शुरू होने पर खुशी जताते हुए इसे क्षेत्र के बच्चों और महिलाओं के लिए लाभकारी बताया।

इस अवसर पर भोला मंडल, सुपौल नदी थाना अध्यक्ष सुमित भारती, अंशु सिंह सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र

Share this story