भागलपुर कैंसर कॉन्क्लेव का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
भागलपुर कैंसर कॉन्क्लेव का आयोजन


भागलपुर, 25 नवंबर (हि.स.)। कैंसर के संदिग्ध मामलों की समय पर पहचान, सटीक जांच और पूर्वी बिहार के मरीजों को आधुनिक उपचार से जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार को ‘भागलपुर कैंसर कॉन्क्लेव 2026’ का आयोजन किया गया। जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल और जय प्रभा मेदांता सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पटना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कॉन्क्लेव में प्रदेश के वरिष्ठ चिकित्सकों ने हिस्सा लिया। कुल 10 वैज्ञानिक सत्रों में सर्जरी, रेडिएशन और औषधि आधारित नवीनतम उपचार पद्धतियों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मौके पर प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर डॉ. नवीन नयन ने कहा कि शुरुआती चरण में विशेषज्ञ तक पहुंचना सबसे अहम है। आज कीमोथेरेपी, टारगेटेड थेरेपी और इम्यूनोथेरेपी से कई कैंसर का सफल प्रबंधन संभव है। सीनियर कंसल्टेंट डॉ. निहारिका रॉय ने बताया कि स्तन की हर गांठ कैंसर नहीं होती, लेकिन असामान्य बदलाव की अनदेखी न करें। शुरुआती पहचान होने पर स्तन-संरक्षण सर्जरी बेहतर विकल्प है।

पैथोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. सत्येंद्र कुमार ने ईआर, पीआर, एचईआर-2 और केआई-67 जैसे बायोमार्कर जांच को सटीक इलाज का आधार बताया, वहीं रेडियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. सचिन कुमार सिंह ने मरीज की स्थिति के अनुरूप मैमोग्राफी, अल्ट्रासाउंड व एमआरआई के चयन पर जोर दिया। सर्जिकल ऑन्कोलॉजी के एसोसिएट डायरेक्टर डॉ. संदीप कुमार ने गैस्ट्रिक कैंसर में स्टेज के अनुसार रोबोटिक सर्जरी की उपयोगिता बताई।

वहीं, गायनेकोलॉजिकल ऑन्कोलॉजी की डॉ. श्वेता राय ने अनियमित माहवारी या रजोनिवृत्ति के बाद रक्तस्राव के प्रति सचेत रहने और न्यूनतम चीर-फाड़ वाली सर्जरी के फायदों की जानकारी दी। रेडिएशन ऑन्कोलॉजी के डायरेक्टर डॉ. राजीव रंजन प्रसाद ने वैरियन एज, आईएमआरटी और आईजीआरटी जैसी सटीक तकनीकों पर प्रकाश डाला। पीडियाट्रिक हीमेटो-ऑन्कोलॉजी के डॉ. अमित कुमार ने बच्चों के इलाज में दवाओं के साथ पोषण, संक्रमण से बचाव और परिवार के भावनात्मक सहयोग को जरूरी बताया। जेएलएनएमसीएच के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. (प्रो.) हिमांशु परमेश्वर दुबे ने कहा कि कैंसर से लड़ने के लिए स्थानीय चिकित्सकों और विशेषज्ञों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है। ऐसे शैक्षणिक आयोजन डॉक्टरों को नई तकनीकों से अपडेट रखते हैं, जिसका सीधा लाभ मरीजों को मिलता है। कार्यक्रम में जेएलएनएमसीएच के प्राचार्य डॉ. (प्रो.) संदीप प्रसाद लाल, सर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. (प्रो.) कुमार रत्नेश, मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. (प्रो.) राज कमल चौधरी, स्त्री रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अनुपमा सिन्हा, ईएनटी विभागाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र कुमार, न्यूरोसर्जरी विभागाध्यक्ष डॉ. पंकज कुमार, शिशु रोग विभागाध्यक्ष डॉ. अंकुर प्रियदर्शी, क्रिटिकल केयर विभागाध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार सिंह सहित डॉ. खलील अहमद, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. ब्रजेश कुमार, डॉ. सतीश कुमार, डॉ. राजीव कुमार, डॉ. अनिल कुमार और डॉ. पवन कुमार यादव समेत विभिन्न विभागों के चिकित्सक मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782905 Articles

Share this story