बिहार के 18 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट, आंधी-बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी

WhatsApp Channel Join Now
बिहार के 18 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट, आंधी-बारिश के साथ वज्रपात की चेतावनी


पटना, 31 मार्च (हि.स.)। बिहार में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। कहीं बारिश, कहीं तेज हवाएं और कही गरज-चमक ने लोगों को गर्मी से राहत दी। वही उत्तर-पश्चिम और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमीयुक्त हवाओं और बढ़ते स्थानीय तापमान के कारण मंगलवार को बिहार के 18 जिलों में आंधी, बारिश और ठनका की चेतावनी जारी की गई है। इन जिलों के लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है।

18 जिलों के लोगों से सावधान रहने की अपील

मौसम विभाग के अनुसार सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, रोहतास, भभुआ (कैमूर), भोजपुर, बक्सर, अरवल, औरंगाबाद, जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में तेज हवाओं के साथ ठनका गिरने की आशंका है। लोगों को सतर्क रहने और खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी गई है।

पटना में तेज धूप करेगी परेशान

हालांकि, राजधानी पटना में इस सिस्टम का खास असर देखने को नहीं मिलेगा। यहां दिन में तेज धूप लोगों को परेशान कर सकती है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी की संभावना है।

मौसम विभाग का कहना है कि मंगलवार के बाद मौसम कुछ समय के लिए सामान्य रह सकता है, लेकिन 4 अप्रैल से एक बार फिर पूरे राज्य में मौसम बिगड़ने के आसार हैं। इस दौरान आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी

Share this story