पूर्वी चंपारण में शिक्षा विभाग का अत्याधुनिक भवन हुआ तैयार,शिक्षा से जुड़े सभी कार्यालय एक ही भवन में होगे शिफ्ट
पूर्वी चंपारण,03 मई (हि.स.)।जिला शिक्षा विभाग का अत्याधुनिक और सुसज्जित शिक्षा भवन बनकर अब पूरी तरह तैयार हो गया है।लिहाजा अब विभाग के सभी छह कार्यालय एक ही छत के नीचे संचालित होंगे।इसके पूर्व शिक्षा विभाग के छह कार्यालय तीन किलोमीटर के दायरे में अलग-अलग पांच स्थानों पर संचालित हो रहे थे। इससे शिक्षकों के साथ ही कर्मियों को कार्य के लिए काफी परेशानी हो रही थी। नए भवन में सभी कार्यालयों को शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
बेलिसराय मोहल्ला स्थित जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय परिसर में बने इस जी प्लस थ्री शिक्षा भवन के निर्माण पर करीब चार करोड़ 50 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। भवन पूरी तरह आधुनिक सुविधाओं से लैस है। जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा व साक्षरता) का कार्यालय पहले ही यहां शिफ्ट हो चुका है। शेष कार्यालयों को भी दो से तीन दिनों के भीतर स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
भवन में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी और अन्य कर्मियों के लिए अलग-अलग कक्ष बनाए गए हैं। इससे कार्यों में समन्वय बेहतर होगा और कामकाज में तेजी आएगी।
नए शिक्षा भवन में मीटिंग हॉल सहित कई आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। जहां विभागीय बैठकों का आयोजन भी किया जा सकेगा। पहले जिला शिक्षा पदाधिकारी और स्थापना कार्यालय बेलिसराय में, माध्यमिक शिक्षा कार्यालय जिला परिषद परिसर में, योजना एवं लेखा कार्यालय स्टेशन रोड पर, सर्व शिक्षा अभियान कार्यालय कचहरी चौक स्थित अंबेडकर भवन में और पीएम पोषण कार्यालय किराये के भवन में संचालित हो रहा था।
जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार गिरि ने बताया कि सभी कार्यालयों को तेजी से नए भवन में शिफ्ट किया जा रहा है। उम्मीद है कि सप्ताह के अंत तक सभी कार्यालय यहीं से संचालित होने लगेंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / आनंद कुमार

