नप चेयरमैन के अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब

WhatsApp Channel Join Now
नप चेयरमैन के अंतिम यात्रा में उमड़ा जनसैलाब


भागलपुर, 10 मई (हि.स.)। जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद के चेयरमैन राजकुमार गुड्डू की 12 दिनों तक चले इलाज के बाद शनिवार को पटना में मौत हो गई। रविवार सुबह हिंदू रीति-रिवाज के साथ उनकी अंतिम यात्रा सुल्तानगंज बाजार स्थित पैतृक आवास से निकल कर चौक बाजार होते हुए सुल्तानगंज के नमामि गंगा घाट स्थित मुक्तिधाम पहुंचा। जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया।

सुबह से ही उनके आवास पर लोगों की भारी भीड़ जुटने लगी थी। जैसे ही पार्थिव शरीर को अंतिम यात्रा के लिए बाहर निकाल गया, माहौल गमगीन हो उठा। लोगों की आंखें नम थीं और हर कोई अपने लोकप्रिय जनप्रतिनिधि को अंतिम विदाई देने पहुंचा था। अंतिम यात्रा में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, व्यापारियों और आम लोगों की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। सबसे पहले उनका पार्थिव शरीर उनके आवास के पास संतसंग मंदिर, चौक बाजार स्थित मिठाई दुकान, सब्जी मंडी बाज़ार दुकान पर ले जाया गया, जहां लोगों ने पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद हजारों की संख्या में मौजूद लोगों ने कंधा देकर अंतिम यात्रा को आगे बढ़ाया। यात्रा के दौरान 'राजकुमार गुड्डू अमर रहे' और 'भारत माता की जय' के नारों से पूरा शहर और इलाका गूंज उठा अंतिम यात्रा सुल्तानगंज बाजार के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए गंगा घाट की ओर बढ़ी। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने फूल बरसाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कई लोग अपने घरों और दुकानों के बाहर खड़े होकर नम आंखों से अंतिम दर्शन करते नजर आए। विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिखा। सुल्तानगंज इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार, प्रशिक्षु एएसपी सायम रजा समेत कई पुलिस अधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल को तैनात किया गया था। सुरक्षा व्यवस्था के बीच अंतिम यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ती रही। सुल्तानगंज के नमामि गंगा घाट स्थित मुक्तिधाम में चैयरमेन राज कुमार गुड्डू के बड़े पुत्र ने अपने पिता को मुखाग्नि देखकर अंतिम विदाई दी। इस मौके पर अजगैविनाथ मंदिर के महंत प्रेमानंद गिरी, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष टुनटुन साह, आत्मा दास ठाकुरवाड़ी के महंत अनुज मुनि, बीडीओ संजीव कुमार, प्रशिक्षु एसएसपी सायम रजा, इंस्पेक्टर मृत्युंजय कुमार, सैनिक संगठन सहित कई आला अधिकारी, सभी दल के नेता, वार्ड पार्षद, मुखिया एवं शहर के हजारों लोग मौजूद थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Share this story