दुर्गा पूजा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क, संवेदनशील स्थलों पर रहेगी नजर

WhatsApp Channel Join Now
दुर्गा पूजा में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन सतर्क, संवेदनशील स्थलों पर रहेगी नजर


दरभंगा, 16 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने को लेकर जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जला रेड्डी की संयुक्त अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ एवं थानाध्यक्ष शामिल हुए।

बैठक में भीड़ प्रबंधन, प्रतिमा विसर्जन, रावण वध कार्यक्रम, विद्युत सुरक्षा, पुलिस गश्ती और संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने सप्तमी से पूजा पंडालों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने भीड़भाड़ वाले स्थलों पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात करने तथा प्रतिमा विसर्जन मार्गों और जलाशयों का पूर्व निरीक्षण कराने को कहा। गहरे पानी वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग और खतरनाक मार्गों पर संकेतक लगाने का भी निर्देश दिया गया।

पूजा पंडालों में विद्युत कनेक्शन एवं उपकरणों की जांच कराने और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। साथ ही विधान परिषद शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन की आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन करने तथा बिना अनुमति अधिकारियों को मुख्यालय नहीं छोड़ने का निर्देश दिया गया।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने क्यूआरटी, बाइक गश्ती और डायल-112 की व्यवस्था सक्रिय रखने, नियमित रोको-टोको अभियान चलाने तथा असामाजिक तत्वों पर नजर रखने का निर्देश दिया। उन्होंने ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने और मोबाइल का अनावश्यक इस्तेमाल नहीं करने की हिदायत दी।

बैठक में नगर आयुक्त गरिमा लोहिया, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762182 Articles

Share this story