दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 450 स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

WhatsApp Channel Join Now
दुर्गा पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 450 स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम


दरभंगा, 17 अक्टूबर (हि.स.)। दुर्गा पूजा के दौरान शांति, सौहार्द और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। जिले में करीब 450 स्थानों पर आयोजित हो रही दुर्गा पूजा को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। शनिवार को जिलाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी जलारेड्डी के संयुक्त नेतृत्व में फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस लाइन से शुरू हुआ फ्लैग मार्च लोहिया चौक, नीम चौक, दरभंगा टावर, कादिराबाद, बाजार समिति, दिल्ली मोड़, बाघ मोड़, रेलवे स्टेशन, दोनार चौक, अल्लपट्टी और बेंता सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरा।

जिलाधिकारी ने बताया कि सप्तमी के अवसर पर श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सभी पूजा स्थलों पर पुलिस पदाधिकारियों और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन एवं सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। उन्होंने थाना प्रभारियों को सतर्क रहने और अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार गश्त करने का निर्देश दिया।

डीएम ने पूजा समितियों से बिहार विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन को लेकर लागू आदर्श आचार संहिता का पालन करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि पूजा पंडालों में राजनीतिक दलों से संबंधित पोस्टर-बैनर नहीं लगाए जाएं।

वरीय पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूजा पंडालों में पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में चौकीदारों को भी लगाया गया है। थाना प्रभारी, अंचल अधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी कर रहे हैं। आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) गठित की गई है। इसके अलावा 10 बाइक गश्ती दल और डायल 112 की टीमों को सक्रिय रखा गया है।

पूजा पंडालों में अग्नि सुरक्षा और बिजली से संबंधित समस्याओं से निपटने के लिए अग्निशमन एवं विद्युत विभाग को भी सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है। एसएसपी कार्यालय में 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना नागरिक कंट्रोल रूम अथवा डायल 112 पर दे सकते हैं।

एसएसपी ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने, भ्रामक सूचना प्रसारित करने अथवा अफवाह फैलाकर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साइबर सेल सोशल मीडिया पर लगातार नजर रख रहा है।

फ्लैग मार्च में नगर पुलिस अधीक्षक, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए। जिला प्रशासन ने आम लोगों से दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Krishna Mohan Mishra

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762736 Articles

Share this story