झुग्गी-झोपड़ी बस्ती में चला स्वच्छता अभियान, लोगों को किया गया जागरूक
भागलपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (क्षेत्र संकार्य प्रभाग) के उप क्षेत्रीय कार्यालय की ओर से गुरुवार को साहेबगंज के भूतनाथ मंदिर परिसर के समीप स्थित झुग्गी-झोपड़ी बस्ती में स्वच्छता अभियान चलाया गया।
यह अभियान नगर निगम के वार्ड संख्या-9 के अंतर्गत आयोजित किया गया। अभियान के दौरान कार्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बस्ती की गलियों और आसपास के परिसर की साफ-सफाई की। साथ ही लोगों को स्वच्छता का महत्व बताते हुए अपने आसपास का वातावरण साफ रखने के लिए जागरूक किया गया।
इस अभियान में बस्ती की महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और सफाई कार्य में सहयोग किया। अभियान के समापन के बाद राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय की ओर से स्थानीय परिवारों के बीच स्वच्छता किट का वितरण किया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने लोगों से स्वच्छता को अपनी दैनिक आदत बनाने और साफ-सुथरे वातावरण के निर्माण में सहयोग करने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

